छत्तीसगढ़

रायपुर में दिनदहाड़े डबल किडनैपिंग से मचा हड़कंप, आरोपी हिरासत में

Shantanu Roy
20 Feb 2026 3:51 PM IST
रायपुर में दिनदहाड़े डबल किडनैपिंग से मचा हड़कंप, आरोपी हिरासत में
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े दो युवकों के अपहरण की घटना सामने आई है। यह मामला पश्चिम जोन का है, जो डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल के अधिकार क्षेत्र में आता है। कर्बला तालाब के पास आरोपियों ने कट्टे की नोक पर दोनों युवकों को अगवा कर लिया। घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने युवकों को पैसे लौटाने के बहाने बुलाया था। पहले से रची गई साजिश
के तहत उन्हें घेरकर हथियार दिखाया गया और जबरन कार में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। दोनों को करीब चार दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान रोजाना उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

मारपीट का वीडियो भी बनाया गया, जिससे उन पर दबाव बनाया जा सके। बताया जा रहा है कि पिटाई के दौरान एक युवक का हाथ टूट गया, जबकि दूसरे को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दोनों युवकों को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। इस संबंध में आजाद चौक थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है।

शहर में कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद अपराध नियंत्रण को लेकर कई दावे किए गए थे, लेकिन इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। खासकर पश्चिम जोन में अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। दिनदहाड़े हुई इस डबल किडनैपिंग से राजधानी में दहशत का माहौल है। घायल युवकों का इलाज कराया जा रहा है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Next Story