छत्तीसगढ़

कुत्ते को बचाया गया, सिर पर फंसा था डिब्बा

Nilmani Pal
25 Feb 2026 3:50 PM IST
कुत्ते को बचाया गया, सिर पर फंसा था डिब्बा
x

कोरबा। एसईसीएल सुभाष ब्लॉक क्षेत्र में एक कुत्ते के सिर पर डिब्बा फंस जाने के बाद उसे एक सप्ताह तक भटकना पड़ा। स्थानीय लोगों की सूचना पर रेस्क्यू टीम ने कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाला। डिब्बा बुरी तरह फंसने के कारण कुत्ता कई दिनों से कुछ खा-पी नहीं पा रहा था, जिससे उसकी हालत बिगड़ रही थी।

यह कुत्ता अक्सर सुभाष ब्लॉक के घरों के बाहर और हेलीपैड जंगल के आसपास देखा जाता था। स्थानीय लोग उसे खाना-पानी भी देते थे। डिब्बा फंसने के बाद भूख और प्यास से परेशान होकर वह इधर-उधर भटक रहा था। उसकी बिगड़ती हालत देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुत्ता भागते-भागते थक जाता और कहीं बैठ जाता था। उसकी हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही थी। उसे पकड़ने की कोशिशें भी की गई, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था।

सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्य बबलू कुमार मारुवा, विमल चौहान, पुष्पेंद्र चौहान, सूर्यभान कुर्मी और नीतीश चौहान सहित अन्य साथियों ने सावधानीपूर्वक कुत्ते को पकड़ा। काफी मशक्कत के बाद डिब्बे को सुरक्षित तरीके से खींचकर बाहर निकाला गया और कुत्ते को मुक्त कर दिया गया। रेस्क्यू टीम के सदस्य बबलू कुमार ने बताया कि पहले भी इस संबंध में सूचना मिली थी और उसे पकड़ने के लिए कई बार प्रयास किए गए थे, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा था। उन्होंने कहा कि इतनी गंभीर स्थिति में कुत्ते की मौत भी हो सकती थी।


Next Story