
x
छग
छत्तीसगढ़": राजधानी रायपुर में नौकरी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे डीएड और छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) के अभ्यर्थियों की दिवाली इस बार भी फीकी रही। शिक्षक और पुलिस बल में भर्ती होने का सपना लेकर सालों से तैयारी कर रहे युवा अब तक नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। त्योहार के मौके पर भी इन अभ्यर्थियों को अपने परिवार के साथ खुशियां मनाने के बजाय तूता धरना स्थल पर बैठकर आंदोलन करना पड़ा।
डीएड अभ्यर्थी पिछले 325 दिनों से 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं CAF भर्ती की वेटिंग लिस्ट में शामिल करीब 417 युवा भी नौकरी की आस में संघर्ष कर रहे हैं। उनका कहना है कि सात साल बीत जाने के बाद भी नियुक्ति को लेकर सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है।
डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है। वे पात्र अभ्यर्थियों को 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्त करने और सरकार से नियुक्ति की समय-सीमा घोषित करने की मांग कर रहे हैं। दूसरी ओर, CAF अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2018 में 1786 पदों पर भर्ती निकली थी। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब 417 युवा वेटिंग लिस्ट में रह गए। सात साल गुजरने के बावजूद उन्हें नौकरी नहीं मिली। अभ्यर्थियों का दावा है कि CAF में 3 हजार से अधिक पद खाली हैं, इसके बाद भी नियुक्ति नहीं की जा रही है।
दोनों समूहों के युवा पिछले कई महीनों से तूता धरना स्थल पर आंदोलन कर रहे हैं। नौकरी नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। डीएड अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से नियुक्ति की मांग की है। वहीं CAF अभ्यर्थी खाली पदों पर भर्ती की मांग कर रहे हैं। दोनों आंदोलनों में शामिल युवाओं का सवाल है कि आखिर उनकी मेहनत और वर्षों के इंतजार का परिणाम कब मिलेगा।
Next Story





