छत्तीसगढ़

दिवाली की रात रायपुर में आग का तांडव, पार्किंग में खड़ी स्कॉर्पियो जलकर खाक

SHIDDHANT
9 Nov 2026 3:33 PM IST
दिवाली की रात रायपुर में आग का तांडव, पार्किंग में खड़ी स्कॉर्पियो जलकर खाक
x
छग
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दिवाली की रात आगजनी की कई घटनाओं से हड़कंप मच गया। शहर के अलग-अलग इलाकों में आग लगने से दुकानों और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। बूढ़ातालाब की पार्किंग में खड़ी स्कॉर्पियो अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, बूढ़ातालाब स्थित पार्किंग में खड़ी स्कॉर्पियो में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग पूरी गाड़ी में फैल गई और वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना के दौरान कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।


डूमरतराई अनाज मंडी में तीन दुकानों में आग
डूमरतराई स्थित थोक अनाज बाजार में रात करीब 9:30 बजे दुकान नंबर बी-16, जय राम किराना एवं स्टेशनरी स्टोर में आग लग गई। आग ने आसपास की तीन दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के दौरान दुकान के अंदर धमाके होने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियां और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
रायपुरा में इलेक्ट्रिक वाहन की दुकान जली
रायपुरा इलाके में इलेक्ट्रिक व्हीकल की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखे कई वाहन और उपकरण जलकर नष्ट हो गए। इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान की आशंका है।
शंकर नगर में होम डेकोर दुकान में आग
शंकर नगर मुख्य मार्ग स्थित होम डेकोर की दुकान में भी आग लगने से भारी नुकसान हुआ। दुकान में रखे सजावटी और ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल गई। दिवाली की रात हुई इन घटनाओं में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के कारणों और वास्तविक नुकसान का आकलन अभी बाकी है।
Next Story