छत्तीसगढ़

जिला स्तरीय राज्योत्सव का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ

Shantanu Roy
4 Nov 2025 10:00 PM IST
जिला स्तरीय राज्योत्सव का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ
x
छग
Durg. दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य समापन समारोह सोमवार को दुर्ग में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरे जिले में उत्सव का माहौल रहा। समारोह में प्रदेश अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने की।

प्रदेशवासियों को मिली रजत जयंती की शुभकामनाएं
मुख्य अतिथि विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने समारोह को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती पर समस्त प्रदेशवासियों एवं नगरवासियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि “राज्य निर्माण के 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज प्रदेश आत्मनिर्भरता और सामाजिक न्याय की दिशा में दृढ़तापूर्वक आगे बढ़ रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि दुर्ग जिला विकास की दिशा में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शुमार हो चुका है। राज्य और केंद्र सरकार मिलकर जनकल्याण की योजनाओं को धरातल पर उतारने में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्ययोजना को प्रदेश में साकार करना हमारा लक्ष्य है, जिससे हर वर्ग को विकास का लाभ मिल सके।”

सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
अपने संबोधन में कोर्सेवाड़ा ने प्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में नई ताकत दी है। अयोध्या तीर्थ यात्रा योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना ने वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने आगे कहा कि किसानों के हित में सरकार ने 31 सौ रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी सुनिश्चित कर ऐतिहासिक कदम उठाया है। साथ ही, आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीबों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कोर्सेवाड़ा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने युवाओं से राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

खादी बोर्ड अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने किया विकास का आह्वान
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छ.ग. खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने कहा कि राज्य निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ ने शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी अधोसंरचना के क्षेत्र में निरंतर प्रगति की है। उन्होंने कहा, “गांव-गांव तक बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचना राज्य सरकार की प्राथमिकता रही है। आज ग्रामीण अंचलों में स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं और युवा खादी, हस्तशिल्प एवं ग्रामोद्योग के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रहे हैं।” पाण्डेय ने राज्य की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ देश के सबसे विकसित राज्यों में गिना जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव जैसे आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक और सामाजिक एकता को मजबूती प्रदान करते हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रदर्शनी ने मोहा मन
राज्योत्सव के समापन अवसर पर स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, पंथी और राऊत नाचा जैसे प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों ने मंच से कलाकारों की सराहना की और उन्हें उत्साहवर्धन हेतु सम्मानित किया। इससे पूर्व अतिथियों ने विभिन्न विभागीय स्टालों का अवलोकन किया और विभागों द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों की जानकारी ली। कृषि, उद्योग, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों में जिले की प्रगति को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया।
Next Story