छत्तीसगढ़

जिला अस्पताल की नई ट्रामा यूनिट जल्द शुरू, गंभीर मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा

Shantanu Roy
24 May 2026 11:48 PM IST
जिला अस्पताल की नई ट्रामा यूनिट जल्द शुरू, गंभीर मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा
x
छग
Dhamtari. धमतरी। जिला अस्पताल परिसर में बनी नई ट्रामा यूनिट अब जल्द ही मरीजों के लिए शुरू की जाएगी। इसके शुरू होने से सड़क दुर्घटना और गंभीर रूप से घायल मरीजों को तत्काल और बेहतर उपचार सुविधा मिल सकेगी। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. यूएल कौशिक ने जिला अस्पताल के अधिकारियों के साथ ट्रामा यूनिट भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार से पुराने भवन से इंजेक्शन कक्ष, ड्रेसिंग कक्ष और आपातकालीन सेवाओं को नई ट्रामा यूनिट के भूतल में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। धीरे-धीरे सभी महत्वपूर्ण सेवाएं नई यूनिट में शिफ्ट की जा रही हैं। नई ट्रामा यूनिट के द्वितीय तल में पहले ही अटल आरोग्य लैब का प्रारंभिक संचालन शुरू किया जा चुका है। अब भूतल में इमरजेंसी सेवा, इंजेक्शन रूम, ड्रेसिंग रूम और फिजियोथैरेपी कक्ष संचालित करने की तैयारी की जा रही है। इससे मरीजों को एक ही परिसर में त्वरित उपचार की सुविधा मिलेगी।

प्रथम तल में बर्न वार्ड, कार्डिक केयर यूनिट (सीसीयू), आइसोलेशन वार्ड और मीटिंग सह ट्रेनिंग हाल स्थापित किए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि इन सुविधाओं के शुरू होने से गंभीर मरीजों के इलाज की क्षमता और अधिक मजबूत होगी। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने ट्रामा यूनिट में कक्षवार सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की और सभी कक्षों के बाहर स्पष्ट नेम प्लेट लगाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने लिफ्ट इंस्टॉलेशन कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

मरीजों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए प्रवेश एवं निकास मार्गों की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।अधिकारियों के अनुसार, नई ट्रामा यूनिट के शुरू होने से आपात स्थिति में आने वाले मरीजों को त्वरित उपचार मिल सकेगा, जिससे कई मामलों में जीवन बचाने में मदद मिलेगी। इस निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डा. अरुण कुमार टोंडर, ब्लड बैंक प्रभारी डा. आदित्य सिन्हा और अस्पताल सलाहकार गिरीश कश्यप भी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि नई ट्रामा यूनिट आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी और इसे चरणबद्ध तरीके से पूरी तरह शुरू किया जाएगा। इससे जिला अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं की क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा। स्थानीय लोगों में भी नई ट्रामा यूनिट को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। उनका कहना है कि इससे गंभीर दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों में मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा।
Next Story