
महासमुंद। जिले में TI से विवाद के बाद ASI ने जहर खाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि मीटिंग में नहीं आने पर गाली-गलौज हुई थी। मंगलवार को उनकी लाश बागबाहरा के महावीर कॉम्प्लेक्स स्थित किराए के मकान में मिली है। मामला कोमाखान थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम दशरथी साहू (60) है। वह बागबाहरा थाने में सहायक उप-निरीक्षक के पद पर पोस्टेड थे। थाना प्रभारी अजय सिन्हा के साथ विवाद के बाद भी वह ड्यूटी पर आए थे।ASI ने ड्यूटी से लौटने के बाद सुसाइड किया है। दरअसल, बागबाहरा में ASI साहू अकेले रहते थे। उनका परिवार सरायपाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत बैतारी में रहता है। मंगलवार को ASI साहू थाने नहीं पहुंचे। इसके बाद SDOP कार्यालय का स्टाफ उनके घर पहुंचा। वहां वे अचेत अवस्था में मिले। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजन उनकी मौत को हार्टअटैक से होना बता रहे हैं, जबकि बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के BMO बुधियार सिंह बढ़ाई का कहना है मैं ऑफिस में था। थाने वाले पोस्टमॉर्टम के लिए एक पुलिस स्टाफ की बॉडी लाए थे, जिसका डॉ. दीवान ने पोस्टमॉर्टम किया है। रिपोर्ट में जहर की पुष्टि हुई है।





