छत्तीसगढ़

भाजपा नेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर में विवाद, दोनों पक्षों पर FIR

Shantanu Roy
5 Oct 2026 5:08 PM IST
भाजपा नेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर में विवाद, दोनों पक्षों पर FIR
x
छग
Ambikapur. अंबिकापुर। शहर में रविवार को भाजपा नेता धीरज सिंह और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के बीच हुए विवाद ने देर शाम बड़ा रूप ले लिया। मामले में पहले आकांक्षा टोप्पो की शिकायत पर पुलिस ने धीरज सिंह के खिलाफ जातिगत गाली-गलौज, धमकी और एसटी-एससी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया। इसकी जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। उन्होंने आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। बाद में पुलिस ने दोनों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को अंबिकापुर के कलाकेंद्र मैदान के पास भाजपा नेता धीरज सिंह और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आकांक्षा टोप्पो ने धीरज सिंह पर हमला करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। विवाद के बाद आकांक्षा वहां से कलेक्ट्रेट चौक स्थित एक होटल पहुंच गई। मामले की सूचना मिलने पर सीएसपी राहुल बंसल कलेक्ट्रेट चौक पहुंचे। पुलिस ने भाजपा नेता धीरज सिंह को वाहन में बैठाया और थाने लेकर पहुंची। धीरज सिंह को थाने ले जाए जाने की खबर मिलते ही भाजपा से जुड़े नेता और कार्यकर्ता भी वहां पहुंचने लगे।
बताया गया कि भाजपा नेता दीपक यादव, रविंद्र तिवारी, कैश मोहम्मद सहित अन्य कार्यकर्ता थाने पहुंचे। यहां उन्होंने मामले को लेकर विरोध जताया और हंगामा किया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की मांग थी कि मामले में दूसरे पक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। इस दौरान धीरज सिंह को थाने से बाहर ले आने की बात भी सामने आई है। आकांक्षा टोप्पो की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर कोतवाली पुलिस ने धीरज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। शिकायत में धीरज सिंह पर जातिगत गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने धीरज सिंह के खिलाफ धारा 296, 351(1), 78(1) और एसटी-एससी एक्ट की धारा 3(1) के तहत अपराध दर्ज किया है।
धीरज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद देर शाम बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक थाने पहुंच गए। उन्होंने आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इससे थाने में काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही। इससे पहले भाजपा नेता शैलेंद्र शर्मा ने आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सरगुजा आईजी को ज्ञापन सौंपा था। शैलेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया था कि दोनों सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो और पोस्ट साझा कर रहे हैं, जिनसे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। इसके साथ ही राजनेताओं को लेकर विवादित वीडियो और पोस्ट डालने का आरोप भी लगाया गया था।
पुलिस ने शैलेंद्र शर्मा की ओर से दिए गए आवेदन पर भी कार्रवाई की। आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दोनों के खिलाफ सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और सोशल मीडिया पर राजनेताओं को लेकर विवादित वीडियो तथा पोस्ट डालने के आरोप लगाए गए हैं। इस तरह रविवार को शुरू हुआ विवाद थाने तक पहुंच गया और दोनों पक्षों की शिकायतों पर एफआईआर दर्ज की गई। एक तरफ आकांक्षा टोप्पो की शिकायत पर भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, वहीं दूसरी तरफ शैलेंद्र शर्मा के आवेदन पर आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब दोनों मामलों में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story