छत्तीसगढ़

गृह प्रवेश कार्यक्रम में विवाद, पंचायत सचिव ने सरपंच पर मारपीट का लगाया आरोप

Shantanu Roy
12 Sept 2026 7:37 PM IST
गृह प्रवेश कार्यक्रम में विवाद, पंचायत सचिव ने सरपंच पर मारपीट का लगाया आरोप
x
छग
Bhanupratappur. भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत परवी में प्रधानमंत्री आवास योजना के गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। पंचायत सचिव ने सरपंच पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद सचिव ने भानुप्रतापपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। वहीं सरपंच ने भी पंचायत सचिव पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार 11 सितंबर को प्रदेशभर में
प्रधानमंत्री आवास योजना
के तहत हितग्राहियों के लिए सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इसी क्रम में ग्राम पंचायत परवी में भी कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम में आवास योजना के हितग्राहियों को नए घरों में प्रवेश कराया जाना था। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम को लेकर पंचायत सचिव और सरपंच के बीच विवाद की स्थिति बनी। पंचायत सचिव का आरोप है कि कार्यक्रम की जानकारी सरपंच को नहीं दी गई थी, जिसके बाद सरपंच नाराज होकर मौके पर पहुंचे और सचिव से जानकारी लेने लगे।

सूचना नहीं देने को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक सरपंच को किसी माध्यम से गृह प्रवेश कार्यक्रम की जानकारी मिली। इसके बाद वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और पंचायत सचिव से आयोजन को लेकर बातचीत करने लगे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद सरपंच ने पंचायत सचिव के साथ मारपीट की। घटना के बाद सचिव थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। सचिव संघ ने भी मामले को गंभीर बताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सरपंच ने भी लगाए आरोप
वहीं दूसरी ओर सरपंच ने पंचायत सचिव के आरोपों को लेकर अपना पक्ष रखा है। सरपंच का कहना है कि पंचायत सचिव द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। पुलिस अब दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना के दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवाद की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल मामला भानुप्रतापपुर थाने में दर्ज है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और मारपीट के आरोपों में कितनी सच्चाई है।
Next Story