छत्तीसगढ़

कोरबा में दो शव मिलने से सनसनी, एक हादसा दूसरा मामला संदिग्ध

Shantanu Roy
5 Sept 2026 9:25 PM IST
कोरबा में दो शव मिलने से सनसनी, एक हादसा दूसरा मामला संदिग्ध
x
छग
Korba. कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। एक मामले में हसदेव नदी के तेज बहाव में बहे 15 वर्षीय बालक का शव दो दिन बाद बरामद किया गया, वहीं दूसरे मामले में खेत में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। अज्ञात शव के शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।
हसदेव नदी में बहे किशोर का शव बरामद
पहली घटना कुदुरमाल गांव की है। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह 15 वर्षीय सूरज महंत हसदेव नदी के एनीकट में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव की चपेट में आकर वह बह गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल शोर मचाया और इसकी जानकारी परिजनों के साथ उरगा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तलाश अभियान शुरू कराया।
किशोर की तलाश के लिए नगर सेना के गोताखोरों की मदद ली गई। लगातार बारिश और बांगो बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नदी का बहाव काफी तेज था, जिसके चलते रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लगातार दो दिनों तक चले तलाशी अभियान के बाद शनिवार को सूरज महंत का शव कटबीतला गांव के पास हसदेव नदी में मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
खेत में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
दूसरी घटना पचपेड़ी गांव की है। यहां PDS सोसाइटी भवन के पास स्थित एक खेत में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतक के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव से दुर्गंध आने के कारण उसके करीब तीन से चार दिन पुराने होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों में जानकारी जुटाने के साथ ही मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है।
पहचान और मौत की वजह तलाश रही पुलिस
उरगा थाना पुलिस ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। खेत में मिले शव की पहचान के लिए आसपास के गांवों में सूचना भेजी गई है। इसके लिए व्हाट्सएप ग्रुप और कोटवारों की मदद भी ली जा रही है। पुलिस अज्ञात व्यक्ति की मौत के मामले में हत्या के साथ-साथ अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दोनों घटनाओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Next Story