छत्तीसगढ़

बालोद में जेल प्रहरी के गायब होने से हड़कंप, पुलिस की विशेष टीम तलाश में जुटी

Shantanu Roy
14 Aug 2026 11:30 PM IST
बालोद में जेल प्रहरी के गायब होने से हड़कंप, पुलिस की विशेष टीम तलाश में जुटी
x
छग
Balod. बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में जिला जेल में पदस्थ एक जेल प्रहरी के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। जेल प्रहरी महेंद्र कुमार वर्मा जेल परिसर के सामने से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। लापता होने से पहले उसने अपने एक रिश्तेदार को वीडियो भेजकर उच्च अधिकारियों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए और अपनी स्कूटी की डिक्की में 8 पन्नों का एक नोट छोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग हरकत में आ गया है। परिजनों की शिकायत पर बालोद थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से मोबाइल फोन और नोट बरामद कर लिया है। फिलहाल जेल प्रहरी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
वीडियो भेजने के बाद हुआ गायब
जानकारी के अनुसार जेल प्रहरी महेंद्र कुमार वर्मा ने लापता होने से पहले अपने रिश्तेदार को एक वीडियो भेजा था। वीडियो में उसने अपनी परेशानी और उच्च अधिकारियों द्वारा कथित रूप से की जा रही प्रताड़ना का जिक्र किया था। इसके बाद उसने अपनी स्कूटी जेल परिसर के बाहर खड़ी की और उसकी डिक्की में 8 पन्नों का एक नोट छोड़ दिया। नोट मिलने के बाद परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
नोट में लगाए गंभीर आरोप
जेल प्रहरी द्वारा लिखे गए नोट में उच्च अधिकारियों पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी नोट में लिखी बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। परिजनों ने बालोद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल देने के आरोप की भी जांच
सूत्रों के अनुसार जेल प्रहरी महेंद्र वर्मा पर जेल में बंद एक कैदी को मोबाइल उपलब्ध कराने का आरोप लगा था। बताया जा रहा है कि उस मोबाइल से कैदी ने अपनी प्रेमिका को संदेश भेजा था और बातचीत भी की थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद जेल के उच्च अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की थी। इसके बाद जेल प्रहरी से पूछताछ और जांच की प्रक्रिया चल रही थी। सूत्रों के मुताबिक इसी मामले को लेकर वह तनाव में था और उसने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है और जांच जारी है।
पुलिस तलाश में जुटी
बालोद के एडिशनल एसपी चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि जेल प्रहरी महेंद्र वर्मा जेल के अंदर प्रवेश नहीं किया था और बाहर से ही कहीं चला गया है। परिजनों की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से मोबाइल और नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जेल प्रहरी का पता लगाने के लिए अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। फिलहाल लापता जेल प्रहरी की कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है और परिजनों व जेल अधिकारियों से पूछताछ जारी है।
Next Story