छत्तीसगढ़

नेता, कारोबारी और अफसर भी बने शिकार? दीपक टंडन की ठगी का नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

jantaserishta.com
24 Nov 2026 3:34 PM IST
नेता, कारोबारी और अफसर भी बने शिकार? दीपक टंडन की ठगी का नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
x
छत्तीसगढ़.
रायपुर: रायपुर में कारोबारी दीपक टंडन की पुलिस रिमांड दो दिन के लिए बढ़ा दी गई है। सोमवार को रिमांड खत्म होने पर पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया था। जांच के दौरान पुलिस दीपक को लेकर तेलीबांधा स्थित उसके होटल वेलकम श्री पहुंची। यहां तलाशी में शराब की बोतलें, कंडोम के पैकेट और सिगरेट के पैकेट मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, होटल करीब 6 महीने से बंद था। इसके बावजूद कमरों में मिली इन चीजों के साथ होटल के अंदर संचालित स्पा से भी कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस अब ग्राहकों की डायरियों में दर्ज नामों, मोबाइल नंबरों और लेनदेन की जानकारी खंगाल रही है। इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल था और ठगी की रकम किन लोगों तक पहुंची।
तेलीबांधा थाने में दर्ज 5 एफआईआर की जांच के सिलसिले में पुलिस दीपक टंडन को लेकर होटल पहुंची थी। इस दौरान होटल के अंदर संचालित स्पा की तलाशी ली गई। यहां से शराब की बोतलें, सिगरेट, ग्राहकों की डायरी, मोबाइल नंबर और दूसरे दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
स्पा का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दीपक टंडन नजर आ रहा है। जांच के दौरान यह आशंका भी सामने आई है कि होटल में लोगों को ठहराने के बाद उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाए जाते थे। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जब्त दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
पुलिस की पूछताछ में दीपक टंडन पर करीब 35 से 40 लोगों से ठगी करने का संदेह सामने आया है। इनमें आम लोगों के अलावा कारोबारी, नेता और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
आरोप है कि दीपक खुद को मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताकर लोगों को अपने प्रभाव में लेता था। इसके लिए वह बड़े नेताओं के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों का इस्तेमाल करता था। राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को मनचाही पोस्टिंग और ट्रांसफर दिलाने का भरोसा देकर उनसे रकम लेने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
दीपक टंडन के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अब तक 8 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। इसके अलावा 11 शिकायतों की जांच की जा रही है। रायपुर में एसईसीएल का ठेका दिलाने के नाम पर दो लोगों से 56 लाख रुपए की ठगी के मामले में उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया था।
सोमवार को उसकी पुलिस रिमांड खत्म हो रही थी। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर आगे पूछताछ के लिए रिमांड मांगी, जिसके बाद कोर्ट ने दो दिन की रिमांड बढ़ा दी। पुलिस अब उससे ठगी के मामलों, होटल से मिले दस्तावेजों और कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story