
बिलासपुर। जिले की पुलिस कप्तान पारुल माथुर ने डायल 112 के स्टाफ को सम्मानित किया है। साथ ही बेहतर काम करने के लिए प्रेरित भी किया। आरक्षकों की सर्विस बुक में भी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी माथुर ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। लगातार आम जनता की मदद के लिए आगे आकर काम करने के लिए कहा है। इसके बाद कामकाज के बारे में भी चर्चा। किसी भी कर्मचारी को काम करने के दौरान कोई परेशानी होती है, तब इसकी जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को देने के लिए कहा है। ताकि तत्काल समस्या का समाधान किया जा सके।
शुक्रवार को डायल 112 के स्टाफ के लिए बिलासागुड़ी में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उन्होंने डायल 112 के अधिकारी से लेकर कर्मचारियों के बीच बैठकर कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान पुलिस कप्तान ने हादसे के समय 112 के तरफ से किए जाने वाली प्रक्रिया को विस्तार से समझा और जरूरी निर्देश भी दिए। घटना के समय अपनाई जाने वाली महत्वपूर्ण बिंदुओं जैसे रिस्पांस टाइम, तत्काल उठाए जाने वाले कदम समेत अन्य कार्यप्रणाली के बारे में जानने का प्रयास किया। इस दौरान एसपी माथुर ने कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि डायल 112 पुलिस विभाग को महत्वपूर्ण अंग है। ये सीधा आम जनता से जुड़ा हुआ है।





