ढेबरगिरी, गुंडागर्दी नहीं चलेगी...बघेल राज में चलता था चाचा मेरे मेयर हैं : बीजेपी

रायपुर। शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे और पूर्व मेयर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर ने स्कूल संचालक आरबी मिश्रा की गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद संचालक से गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। वीडियो 6 फरवरी की रात 10 बजे का है। अब स्कूल संचालक की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। शोएब ढेबर की तलाश शुरू कर दी गई है। मामला तेलीबांधा थाना इलाके का है।
शिकायतकर्ता आरबी मिश्रा ने तेलीबांधा पुलिस को बताया, कि वे विधायक कॉलोनी, मकान नंबर 1/9 तेलीबांधा निवासी है। विशेष बच्चों का स्कूल संचालित करते हैं। 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे वह विधायक कॉलोनी से वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर दर्शन के लिए गया था। दर्शन के बाद जब वह अपनी कार क्रमांक CG-04-PY-5003 के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही इंडिवर कार के चालक शोएब ढेबर ने गाड़ी लापरवाही पूर्वक चलाते हुए स्क्रैच मारा। आरबी मिश्रा ने गाड़ी ठीक से चलाने के लिए कहा, तो बीच सड़क में गाड़ी रोकर वो गालियां देने लगा और जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद आरबी मिश्रा थाना पहुंचे और शोएब ढेबर के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शराब कारोबारी अनवर के बेटे शोएब ढेबर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बीजेपी का बयान, बघेल राज में चलता था
'चाचा मेरे मेयर हैं'।
ये विष्णु का सुशासन है,
यहां ढेबरगिरी, गुंडागर्दी नहीं चलेगी...





