छत्तीसगढ़
4 साल से फरार डकैती का शातिर आरोपी धनीराम घृतलहरे गिरफ्तार
Shantanu Roy
28 Aug 2025 11:06 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे शातिर डकैत और पुलिस अभिरक्षा से दो बार फरार हो चुका आरोपी धनीराम घृतलहरे आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी पिछले चार साल से पुलिस को चकमा देकर फरारी की जिंदगी जी रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर नगद इनाम की उद्घोषणा भी की गई थी।
दो बार पुलिस अभिरक्षा से फरार
धनीराम घृतलहरे पर डकैती और लूट के गंभीर मामले दर्ज हैं। साल 2020 में महासमुंद जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र और रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र में शराब दुकानों में डकैती की वारदातों को उसने अंजाम दिया था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला जेल महासमुंद में निरुद्ध किया गया था। मगर, 2021 में तबीयत खराब होने पर इलाज के लिए उसे रायपुर के डी.के.एस. सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उपचार के दौरान 19 मई 2021 को आरोपी मौका पाकर अस्पताल से फरार हो गया। इस पर जेलकर्मियों की रिपोर्ट के आधार पर थाना गोलबाजार में उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने लगातार खोजबीन की और उसी साल 11 नवंबर 2021 को धनीराम को तिल्दा नेवरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
लेकिन पुलिस टीम जब उसे चापहिया वाहन से रायपुर ला रही थी, तभी उसने थाना विधानसभा क्षेत्र में शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए गाड़ी का कांच तोड़ दिया। हथकड़ी में ही उसने पुलिसकर्मियों पर हमला किया और कांच के टुकड़े से चोट पहुंचाकर दोबारा फरार हो गया। इस दुस्साहसिक घटना ने पुलिस महकमे की बड़ी किरकिरी कराई थी।
लगातार खोजबीन और तकनीकी विश्लेषण से दबोचा गया
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना गोलबाजार पुलिस टीम आरोपी की लगातार पतासाजी कर रही थी। उसके ठिकानों पर मुखबिर तैनात किए गए थे और तकनीकी विश्लेषण से भी उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
आखिरकार टीम को सूचना मिली कि आरोपी रायपुर में छिपा हुआ है। इस पर पुलिस ने रेड की कार्यवाही की। आरोपी पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। भागने के प्रयास में उसके पैरों में चोटें आई हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
शातिर अपराधी, पांच मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, धनीराम घृतलहरे एक शातिर अपराधी है, जिस पर डकैती, लूट और पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के कुल 5 गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें से कई मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट भी जारी किया गया था।
आरोपी पर दर्ज प्रमुख मामले इस प्रकार हैं –
थाना आरंग, रायपुर – अपराध क्रमांक 368/2020 धारा 459, 380, 395 भादवि।
थाना गोलबाजार, रायपुर – अपराध क्रमांक 33/2021 धारा 224 भादवि।
थाना विधानसभा, रायपुर – अपराध क्रमांक 437/2021 धारा 186, 224, 332, 353, 427 भादवि।
थाना तुमगांव, महासमुंद – अपराध क्रमांक 141/2020 धारा 394, 34 भादवि।
थाना तुमगांव, महासमुंद – अपराध क्रमांक 368/2020 धारा 395, 459, 380 भादवि।
पुलिस की बड़ी उपलब्धि
आरोपी की गिरफ्तारी रायपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों ने इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की सराहना की है। धनीराम घृतलहरे की गिरफ्तारी के बाद अब उससे जुड़े अन्य अपराधियों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनीराम घृतलहरे पिता सरजू घृतलहरे, उम्र 30 वर्ष, निवासी ब्लॉक 12, मकान नंबर 28, पीएम आवास, टेकारी मोड़, दलदलसिवनी, थाना पंडरी (मोवा), रायपुर के रूप में हुई है।
Tagsरायपुर पुलिसफरार आरोपी गिरफ्तारधनीराम घृतलहरेडकैतीलूटसाइबर यूनिटगोलबाजार थानामहासमुंद डकैतीपुलिस अभिरक्षा से फराररायपुर क्राइम न्यूज़Raipur Policeabsconding accused arrestedDhaniram Ghritalharrobberylootcyber unitGolbazar police stationMahasamund robberyabsconding from police custodyRaipur crime news
Next Story





