छत्तीसगढ़

अवैध शराब के खिलाफ धमतरी पुलिस की तीन अलग-अलग प्रकरणों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही

SHIDDHANT
16 Aug 2026 8:34 PM IST
अवैध शराब के खिलाफ धमतरी पुलिस की तीन अलग-अलग प्रकरणों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही
x
छत्तीसगढ़
Dhamtari धमतरी। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कोतवाली, अर्जुनी और कुरूद थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग कार्रवाई की गई। इस दौरान तीन आरोपियों को अवैध शराब के साथ पकड़ा गया और शराब, नकदी तथा स्कूटी समेत हजारों रुपए की संपत्ति जब्त की गई। पहली कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस ने 14 अगस्त 2026 को शांति घाट नहर नाका के पास की। पुलिस ने गोविंद यादव उम्र 39 वर्ष निवासी बनिया तालाब, धमतरी को कथित रूप से अवैध शराब का परिवहन करते पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 20 नग देशी प्लेन शराब, 15 नग मसाला शराब और एक स्कूटी बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 3,100 रुपए और स्कूटी की कीमत लगभग 50 हजार रुपए बताई गई है। कुल 53,100 रुपए की संपत्ति जब्त की गई।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। दूसरी कार्रवाई अर्जुनी थाना पुलिस ने 14 अगस्त को कोलियारी में की। यहां पुलिस ने 70 वर्षीय खुमान निषाद निवासी कोलियारी को कथित रूप से अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 20 नग देशी मसाला शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 2 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री की 200 रुपए नकद रकम भी जब्त की गई। इस प्रकार कुल 2,200 रुपए की संपत्ति जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
तीसरी कार्रवाई कुरूद पुलिस ने 15 अगस्त 2026 को नया बस स्टैंड कुरूद स्थित शीतला मंदिर के पास की। यहां रामचंद्र ध्रुवंशी उम्र 28 वर्ष निवासी संजय नगर, कुरूद को अवैध रूप से शराब बेचते पकड़े जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। आरोपी के कब्जे से 12 पौवा देशी शराब कीमत करीब 960 रुपए और बिक्री के 300 रुपए नकद बरामद किए गए। कुल 1,260 रुपए की संपत्ति जब्त कर आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Next Story