छत्तीसगढ़

खैरागढ़ पहुंचे DGP अरुण देव गौतम, नई पुलिस लाइन का किया निरीक्षण

Shantanu Roy
8 Oct 2026 10:27 PM IST
खैरागढ़ पहुंचे DGP अरुण देव गौतम, नई पुलिस लाइन का किया निरीक्षण
x
छग
Khairagarh-Chhuikhadan-Gandai. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय प्रवास पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला साइबर लैब और निर्माणाधीन नवीन जिला पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। डीजीपी ने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, लंबित अपराधों की स्थिति, शिकायतों के निराकरण और डिजिटल पुलिसिंग व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का समय पर निराकरण करने, जांच में तकनीकी साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग करने और आम नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीजीपी के प्रवास के दौरान राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान जिले की पुलिस व्यवस्था और विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सबसे पहले खैरागढ़ स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान डीएसबी शाखा, वेतन शाखा, फंड शाखा, स्थापना शाखा, ओएम शाखा और एसआरसी शाखा के कार्यों की समीक्षा की गई। डीजीपी ने कार्यालय में रखे अभिलेखों के संधारण और प्रशासनिक कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साइबर लैब में तकनीकी संसाधनों की समीक्षा
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निरीक्षण के बाद डीजीपी ने जिला साइबर लैब का दौरा किया। यहां उन्होंने उपलब्ध तकनीकी संसाधनों और साइबर अपराधों की जांच से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण और साइबर अपराधों की विवेचना में इस्तेमाल की जा रही तकनीकी सुविधाओं की समीक्षा की। डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइबर अपराधों की प्रभावी रोकथाम और जांच के लिए आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाए।
डिजिटल पुलिसिंग व्यवस्था की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिदेशक ने जिले के विभिन्न थानों में संचालित ऑनलाइन पोर्टलों और डिजिटल पुलिसिंग प्रणालियों की भी समीक्षा की। उन्होंने पोर्टलों पर दर्ज सूचनाओं, लंबित मामलों के अद्यतनीकरण और डिजिटल अभिलेखों के संधारण की जानकारी ली। डीजीपी ने अधिकारियों से कहा कि डिजिटल पुलिसिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही संबंधित जानकारी और प्रकरणों का समय पर अद्यतनीकरण करने के निर्देश दिए।
लंबित अपराधों और शिकायतों की समीक्षा
डीजीपी अरुण देव गौतम ने जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों और उप पुलिस अधीक्षकों से कानून व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने लंबित अपराधों, शिकायतों के निराकरण और विवेचना की प्रगति की समीक्षा की। डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग करने पर भी जोर दिया। उन्होंने आम नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन जिला पुलिस लाइन का निरीक्षण
पुलिस महानिदेशक ने खैरागढ़ में निर्माणाधीन नवीन जिला पुलिस लाइन का भी दौरा किया। यहां उन्होंने परिसर में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। डीजीपी ने निर्माणाधीन भवनों, आधारभूत संरचनाओं और अन्य सुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों के पालन और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही पुलिस बल की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए परिसर में विकसित की जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की।
नवीन पुलिस लाइन परिसर में किया पौधारोपण
निरीक्षण के दौरान डीजीपी अरुण देव गौतम ने नवीन जिला पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। पुलिस लाइन के निरीक्षण के बाद डीजीपी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ पहुंचे और वहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस एक दिवसीय दौरे के दौरान पुलिस महानिदेशक ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली, तकनीकी संसाधनों और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Next Story