छत्तीसगढ़

ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठे डिप्टी CM विजय शर्मा, एक-एक कर सुनीं समस्याएं

Shubhra Nandy
10 Nov 2026 6:42 AM IST
ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठे डिप्टी CM विजय शर्मा, एक-एक कर सुनीं समस्याएं
x
रायपुर : छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम खण्डसरा में ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। इस दौरान सांसद संतोष पांडेय भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं की जानकारी ली और निराकरण के लिए मौके पर ही आवश्यक पहल की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और सांसद संतोष पांडेय ने ग्राम खण्डसरा में 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवीन ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण कर ग्रामीणों को समर्पित किया। इस अवसर पर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। नए पंचायत भवन के शुभारंभ से ग्राम पंचायत के प्रशासनिक कार्यों के संचालन और स्थानीय स्तर पर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।
ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर सुनीं समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी मांगें और परेशानियां उनके सामने रखीं। उप मुख्यमंत्री ने एक-एक कर ग्रामीणों की बातों को सुना और समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक पहल की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
गांव की चौपाल में दिखा जनसेवा का भाव
ग्रामीणों से संवाद करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नवीन पंचायत भवन के निर्माण से पंचायत के कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे। नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का दायित्व है कि वे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझें और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।
20 लाख रुपए की लागत से बना नवीन पंचायत भवन
ग्राम खण्डसरा में 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवीन ग्राम पंचायत भवन के लोकार्पण से ग्रामीणों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा उपलब्ध हुई है। नए भवन में ग्राम पंचायत की बैठकों, विकास कार्यों की समीक्षा, शासकीय योजनाओं की जानकारी और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए उपयुक्त स्थान मिलेगा। इससे पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आएगी और ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, विदेशी राम धुर्वे, लालचंद साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्राम खण्डसरा में नवीन पंचायत भवन के लोकार्पण के साथ ग्रामीणों से सीधे संवाद और उनकी समस्याओं के समाधान की पहल कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा रही।
Next Story