छत्तीसगढ़

79 पदों पर युवाओं में नाराजगी, बस्तर फाइटर भर्ती को लेकर सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी

jantaserishta.com
13 Nov 2026 4:15 PM IST
79 पदों पर युवाओं में नाराजगी, बस्तर फाइटर भर्ती को लेकर सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी
x
छत्तीसगढ़.
जगदलपुर। बस्तर के युवाओं के सब्र का बांध अब टूटता नजर आ रहा है। बस्तर फाइटर भर्ती में स्थानीय युवाओं के लिए पदों की संख्या बढ़ाने और आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले एक सप्ताह से जारी विरोध प्रदर्शन अब सड़क पर उतर आया है। जगदलपुर के आमागुड़ा में बस्तरिया राज मोर्चा के बैनर तले युवाओं ने चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। पुलिस लगातार माइक से चक्काजाम की अनुमति नहीं होने और वापस जाने की बात कहती रही, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
दरअसल बस्तर जिले में बस्तर फाइटर भर्ती के लिए 79 पद निर्धारित किए गए हैं। युवाओं की मांग है कि इन पदों की संख्या बढ़ाई जाए और स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान 40 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 प्रतिशत किया जाए। उनका कहना है कि बस्तर के युवाओं को रोजगार का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। साथ ही अन्य जिलों की भर्ती प्रक्रिया की तरह उन्हें दूसरे जिलों में भी आवेदन करने का अवसर दिया जाए।
प्रदर्शनकारी गोवर्धन बघेल का कहना है कि महज 79 पद होने से स्थानीय युवाओं में निराशा है। कई बार ज्ञापन और रैली के जरिए अपनी मांग शासन-प्रशासन तक पहुंचाई गई, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई है। वहीं आदिवासी छात्र संगठन के प्रदेश सदस्य मोतीराम कश्यप ने प्रशासन की ओर से तीन दिन का समय मिलने की बात कही है। उनका कहना है कि यदि इस अवधि में मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो युवा उग्र आंदोलन और जगह-जगह चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे।
प्रदर्शन में शामिल आकाश ने सवाल उठाया कि सरकार बस्तर के युवाओं को आगे बढ़ाने के दावे तो करती है, लेकिन उनकी मांगों पर लगातार समय दिया जा रहा है, समाधान नहीं। वहीं रितु नाग ने भी साफ कहा कि युवाओं को या तो भर्ती में पद बढ़ाकर अवसर दिया जाए या फिर दूसरे जिलों में जाकर भर्ती में शामिल होने की छूट मिले। इधर प्रशासन का कहना है कि चक्काजाम के लिए किसी तरह की अनुमति नहीं दी गई थी। बस्तरिया राज मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया है, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा जाएगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story