छत्तीसगढ़
दहेज में बाइक और 5 लाख की मांग, विवाहिता से मारपीट कर घर से निकालने का आरोप
Shantanu Roy
24 Nov 2026 11:22 PM IST

x
छग
Gaurela. गौरेला। छत्तीसगढ़ के गौरेला थाना क्षेत्र में दहेज के लिए विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज में मोटरसाइकिल तथा कारोबार शुरू करने के लिए पांच लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक, मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ कई बार मारपीट की गई। आरोप है कि 7 अक्टूबर 2026 को ससुराल वालों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर गौरेला थाना पुलिस ने पति समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम कोरजा निवासी 26 वर्षीय प्रियंका लोनिया ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर अपनी आपबीती बताई है। शिकायत के मुताबिक, करीब चार साल पहले उसकी शादी बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुटकू निवासी नितेश कुमार लोनिया से हुई थी। प्रियंका ने पुलिस को बताया कि शादी के समय उसके पिता ने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार कूलर, आलमारी, पेटी, बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान दिया था।
इसके बावजूद शादी के बाद से पति द्वारा मोटरसाइकिल नहीं मिलने और व्यवसाय शुरू करने के लिए पांच लाख रुपये नहीं दिए जाने की बात कहकर विवाद किया जाने लगा। महिला का आरोप है कि पति दहेज की मांग को लेकर उसके साथ आए दिन मारपीट करता था। जब उसने इस संबंध में अपनी सास, ससुर, डेढ़सास और जेठानी को जानकारी दी, तो उन्होंने समस्या का समाधान करने के बजाय पति का समर्थन किया। शिकायत के अनुसार, ससुराल पक्ष के लोगों ने भी प्रियंका पर मायके से मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाया।
प्रियंका ने अपने पति के भाई माधव लोनिया, बालमुकुंद लोनिया और जेठानी सीता लोनिया पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक, ये लोग उसके पति को मारपीट करने के लिए उकसाते थे। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि शादी के बाद से करीब 25 बार उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की घटनाएं हुईं। इसके बावजूद वह अपना परिवार बचाने और वैवाहिक जीवन में सुधार होने की उम्मीद में परिस्थितियों को सहन करती रही। हालांकि, ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग और प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहने का आरोप है।
शिकायत के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने एक बार फिर मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर आरोपियों ने प्रियंका के साथ हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की। इसके बाद उसे ससुराल से निकाल दिया गया। घर से निकाले जाने के बाद प्रियंका अपनी मौसी बाउदा लोनिया के घर पहुंची और उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। अगले दिन प्रियंका के पिता उसे अपने घर ले गए। महिला का उपचार कराया गया और स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने के बाद उसने गौरेला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत में उल्लेखित घटनाओं और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल गौरेला थाना पुलिस उपलब्ध शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में किसी की गिरफ्तारी के संबंध में अभी जानकारी सामने नहीं आई है।
Next Story





