छत्तीसगढ़
सरकारी नौकरी में 5 साल की आयु छूट की मांग, छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने CM साय को लिखा पत्र
Shantanu Roy
10 Oct 2026 9:19 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्य अलंकरण से सम्मानित विभूतियों और युवाओं को सरकारी नौकरियों में अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की विशेष छूट देने की मांग उठी है। छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर इस संबंध में नीतिगत निर्णय लेने का आग्रह किया है। सोसायटी ने मांग की है कि प्रदेश के सभी राज्य अलंकरण प्राप्त पात्र व्यक्तियों को शासकीय सेवाओं की सीधी भर्ती में पांच वर्ष की एकसमान आयु छूट दी जाए। संगठन ने 11 अक्टूबर को प्रस्तावित राज्य कैबिनेट की बैठक में इस विषय पर निर्णय लेने की अपील की है। सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी ने कहा कि प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाता है, लेकिन सरकारी सेवाओं में आयु सीमा की छूट का लाभ सभी सम्मानित व्यक्तियों को नहीं मिलता। उन्होंने इसे समान अवसर और सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया है।
34 क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को मिलता है सम्मान
मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में डॉ. कुलदीप सोलंकी ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को राज्य अलंकरण प्रदान किए जाते हैं। इनमें विधि, चिकित्सा, साहित्य, कला, पत्रकारिता, खेल, कृषि और सामाजिक चेतना सहित लगभग 34 क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को राज्य सरकार प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित करती है। प्रमुख सम्मानों में बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान, पंडित सुंदरलाल शर्मा सम्मान, दाऊ मंदराजी सम्मान, चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार, धन्वंतरि सम्मान, गुंडाधूर सम्मान, मिनीमाता सम्मान और डॉ. खूबचंद बघेल सम्मान शामिल हैं। सोसायटी का कहना है कि इन सम्मानों के साथ पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र दिए जाते हैं, लेकिन अन्य सुविधाओं का लाभ सभी पुरस्कार प्राप्त व्यक्तियों को नहीं मिल पाता।
2006 के प्रावधान का दिया हवाला
डॉ. सोलंकी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में सामान्य प्रशासन विभाग के एक दिसंबर 2006 के पत्र का उल्लेख किया है। सोसायटी के अनुसार, उस समय शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, गुण्डाधुर सम्मान, महाराजा प्रवीरचन्द्र भंजदेव सम्मान और राष्ट्रीय युवा पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों एवं युवाओं को सरकारी नौकरियों में अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट देने का प्रावधान किया गया था। संगठन का कहना है कि यह सुविधा कुछ चुनिंदा खेल पुरस्कारों तक सीमित है। दूसरी ओर साहित्य, कला, पत्रकारिता, चिकित्सा, कृषि और अन्य क्षेत्रों में राज्य अलंकरण प्राप्त करने वाले व्यक्तियों को समान छूट नहीं मिल रही है। डॉ. सोलंकी ने इस अंतर को समाप्त करने के लिए सभी राज्य अलंकरण प्राप्त पात्र व्यक्तियों पर समान नियम लागू करने की मांग की है।
खेल पुरस्कारों की तर्ज पर मिले विशेष छूट
छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने कहा कि जिस प्रकार चुनिंदा खेल पुरस्कार प्राप्त व्यक्तियों को सरकारी सेवाओं में आयु सीमा की छूट देने की व्यवस्था की गई है, उसी प्रकार अन्य क्षेत्रों के राज्य अलंकरण प्राप्त लोगों को भी यह सुविधा मिलनी चाहिए। संगठन ने सरकारी नौकरियों की सीधी भर्ती में पांच वर्ष की विशेष छूट का स्पष्ट प्रावधान बनाने का आग्रह किया है। सोसायटी के अनुसार, इससे राज्य की सम्मानित प्रतिभाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप सरकारी सेवाओं में आवेदन करने का अतिरिक्त अवसर मिल सकेगा।
38 से 45 वर्ष आयु सीमा बढ़ाने के फैसले की सराहना
डॉ. कुलदीप सोलंकी ने अपने पत्र में पिछली कैबिनेट बैठक में सरकारी सेवाओं और उच्च पदों पर आवेदन के लिए अधिकतम आयु सीमा 38 से बढ़ाकर 45 वर्ष किए जाने संबंधी निर्णय की सराहना की है। उन्होंने कहा कि सरकार को इसी नीति को आगे बढ़ाते हुए राज्य अलंकरण प्राप्त व्यक्तियों के लिए भी विशेष आयु छूट का प्रावधान करना चाहिए। सोसायटी ने इसे प्रदेश की प्रतिभाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
11 अक्टूबर की कैबिनेट बैठक में निर्णय लेने की मांग
छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आग्रह किया है कि 11 अक्टूबर को प्रस्तावित राज्य कैबिनेट की बैठक में इस मांग पर विचार किया जाए। संगठन चाहता है कि प्रदेश के सभी राज्य अलंकरण प्राप्त पात्र व्यक्तियों को सरकारी सेवाओं की सीधी भर्ती में अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की एकसमान छूट देने का निर्णय लिया जाए। फिलहाल इस संबंध में संगठन ने सरकार के सामने प्रस्ताव रखा है। इस मांग पर सरकार की ओर से किसी अंतिम निर्णय की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
Next Story





