छत्तीसगढ़

हारे प्रत्याशियों का जुनेजा पर फूटा गुस्सा, एक्शन की मांग

Nilmani Pal
20 Feb 2025 11:27 AM IST
हारे प्रत्याशियों का जुनेजा पर फूटा गुस्सा, एक्शन की मांग
x

निर्दलीय प्रत्याशियों को सहयोग और समर्थन देने का आरोप

रायपुर. निकाय चुनाव में कांग्रेस की करारी हार से एक के बाद एक नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं की शिकायतें आ रही. पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. आज उत्तर विधानसभा से दो कांग्रेस के अधिकृत हारे हुए प्रत्याशियों ने राजीव भवन पहुंचकर प्रदेश महामंत्री मल्कित गैदू से पूर्व विधायक जुनेजा के खिलाफ शिकायत की है.कुलदीप जुनेजा पर कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों ने उनके खिलाफ अपने कार्यकर्ताओं से काम कराने का आरोप लगाया है. वार्ड 6 के प्रत्याशी राधेश्याम विभार और वार्ड 34 के उम्मीदवार कामरांत अंसारी ने पीसीसी से लिखित शिकायत की है. साथ ही कुलदीप जुनेजा की कुछ तस्वीरे और फेसबुक चैट्स के स्क्रीनशॉट भी पीसीसी में पत्र के साथ जमा किया है. उन पर पार्टी से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे आकाश तिवारी का समर्थन करने का भी आरोप लगाया है.

जुनेजा के खिलाफ शिकायत पर महामंत्री मलकीत गैदू ने कहा कि पार्टी ने पूरे प्रदेश में पार्टी गाइडलाइंस से बाहर जाकर काम करने वाले लोगों पर कार्रवाई की है. आज दो लोगों ने जुनेजा के खिलाफ आवेदन दिया है. मामले में जांच होगी, कल ही उनको नोटिस दिया गया है, जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

बता दें कि पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने चुनाव से पहले निष्कासित नेताओं की पार्टी में वापसी को लेकर विरोध जताते हुए पीसीसी चीफ दीपक बैज को पत्र लिखा था. लगातार वे पार्टी में पैसे की लेने-देन को लेकर अपने बयानों से सुर्खियों में बने हुए थे. कल पीसीसी चीफ दीपक बैज के नेतृत्व में चार बार चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद उनके स्वयं से इस्तीफे देने की बात भी उन्होंने कही थी. इसके बाद उन्हें पार्टी ने नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर लिखित में जवाब मांगा है।

विधायक अटल श्रीवास्तव पर कार्रवाई से पहले बैज ने मांगी रिपोर्ट

कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और 4 अन्य नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा को पीसीसी चीफ ने ग्राह्य करते हुए तीन सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी से रिपोर्ट मांगी है। पूर्व विधायक धनेंद्र साहू ,अरूण वोरा और महेंद्र छाबड़ा से जल्द बिलासपुर जाकर जांच कर रिपोर्ट देने कहा है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में घमासान जारी, अब जारी विधायक और बेटे पर पार्टी विरोधी काम करने का आरोप

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में इन दिनों घमासान मचा हुआ है. विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद अब नगरीय निकाय चुनाव में मिली शिकस्त से पार्टी उभर नहीं पा रही है. चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम करने वाले नेताओं पर कार्रवाई के लिए पीसीसी दफ्तर में निष्कासन की अनुशंसा पहुंच रही है. इसी बीच अब कांग्रेस विधायक दिलीप लहरिया और बेटे अरविन्द के खिलाफ पार्टी से निष्कासन की मांग की गई है. मस्तूरी से कांग्रेस विधायक दिलीप लहरिया और उनके बेटे अरविन्द लहरिया पर पूर्व सचिव रवि श्रीवास ने भितरघात के गंभीर आरोप लगाए हैं. जिसकी लिखित शिकायत जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर (ग्रामीण) से की गई है. इस पत्र में आरोप लगाया गया है कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ दोनों ने काम किया है. विधायक के बेटे अरविंद लहरिया ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बागी उम्मीदवार किरण संतोष यादव का समर्थन करने के लिए कहा. जिससे पार्टी को नुकसान पहुंचा और भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी राधा खिलावन पटेल की जीत हुई.शिकायत के साथ एक ऑडियो भी भेजा गया है. जिसमें एक व्यक्ति बताता है कि कांग्रेस विधायक के बेटे अरविन्द लहरिया ने कॉल पर बागी प्रत्याशी किरण संतोष यादव को जिताना है. वह मिलनसार है, समर्थन करना है.शिकायत पत्र में पूर्व सचिव ने इस बात का भी जिक्र किया कि विधायक दिलीप लहरिया ने उनके निर्वाचन क्षेत्र में दौरा नहीं किया. जिससे कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन नहीं मिला. विधायक के असहयोग और बागी उम्मीदवार को समर्थन मिलने के कारण कांग्रेस को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

Next Story