छत्तीसगढ़

डिप्टी कलेक्टर की सुरक्षा में तैनात था मृतक अजय कुमार सिंह

Nilmani Pal
26 April 2024 6:50 AM GMT
डिप्टी कलेक्टर की सुरक्षा में तैनात था मृतक अजय कुमार सिंह
x

रायपुर। दंतेवाड़ा से पूर्व कांग्रेस विधायक देवती कर्मा के रायपुर के सिविल लाइंस स्थित सरकारी बंगले में गोली चली है। गोली सुरक्षाकर्मी के पिस्टल से फायर हुई, जिससे बंगले पर सुरक्षा के लिए तैनात हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक इस घटना में एक अन्य पुलिसकर्मी भी बुरी तरह से घायल हो गया है। गोली उसके हाथ के आर-पार हो गई, जिसे लहूलुहान हालत में मेकाहारा में भर्ती कराया गया है। दोनों सुरक्षाकर्मी मध्यप्रदेश के भिंड जिले के हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे सिविल लाइंस स्थित देवती कर्मा के बंगले में उनके बेटे आशीष कर्मा की VIP सुरक्षा में लगे APC राम कुमार दोहरे और हेड कॉन्स्टेबल अजय सिंह बैरक में थे। वे रोज की तरह अपनी पिस्टल की साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान गोली चल गई।

गोली असिस्टेंट प्लाटून कमांडर राम कुमार दोहरे के हाथ को चीरते हुए हेड कॉन्स्टेबल अजय सिंह के सीने में जाकर लगी। गोली लगने से अजय सिंह बेहोश हो गए। तेजी से खून निकलने लगा। इसके बाद लहूलुहान हालत में उन्हें मेकाहारा अस्पताल ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं, राम कुमार का इलाज जारी है।

पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि ये एक एक्सीडेंटल मिस फायर था, जिसमें एक बुलेट फायर हुई है। पुलिस को मौके से बुलेट का खोखा भी मिल गया है। गोली चलने के बाद जख्मी राम कुमार ने ही सिविल लाइंस पुलिस को फोन कर इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि मृतक अजय सिंह मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले थे। घटना में घायल APC राम कुमार भी भिंड का ही हैं। पुलिस ने दोनों के परिवारों को घटना की सूचना दे दी है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।


Next Story