छत्तीसगढ़

प्रवचन कर्ता के बेटे की मौत, तालाब में डूबा

Nilmani Pal
26 March 2022 2:51 AM GMT
प्रवचन कर्ता के बेटे की मौत, तालाब में डूबा
x
छग

बिलासपुर। सरकंडा स्थित सोनगंगा कालोनी में रहने वाला 15 साल का किशोर अपने कुत्ते को घुमाने के लिए निकला था। ताबाल के पास उसने अपना कुत्ता दोस्त को दिया और नहाने चला गया। तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वह डूबने लगा। उसके साथी ने पास में मछली पकड़ रहे युवक से मदद मांगी। दोनों ने किशोर की तलाश की पर वह नहीं मिला। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने गोताखोर को बुलवाया। दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोर ने किशोर के शव को बाहर निकाला। सिम्स में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

सरकंडा के सोनगंगा कालोनी में रहने वाले सनत कुमार द्विवेदी प्रवचनकर्ता हैं। वे यहां किराए के मकान में रहते हैं। उन्होंने घर में कुत्ता पाल रखा है। शुक्रवार की सुबह आठ बजे उनका बेटा प्रियांशु द्विवेदी(15) अपने कुत्ते को घुमाने निकला था। उसके साथ देवनंदन नगर में रहने वाला दोस्त नितिन मानिकपुरी भी था। कुत्ते को घुमाते हुए दोनों सोनगंगा कालोनी स्थित तालाब के पास पहुंचे। पानी देखकर प्रियांशु ने कुत्ते को अपने दोस्त को थमा दिया और कपड़े उतारकर तालाब में नहाने के लिए उतर गया।

उसे गहराई का अंदाजा नहीं था। गहरे पानी में वह डूबने लगा। नितिन ने उसे बचाने की कोशिश की। इसमें सफल नहीं होने पर उसने पास में ही मछली पकड़ रहे लक्ष्मी यादव से मदद मांगी। उसने भी पानी में प्रियांशु की खोज की। इस बीच नितिन ने घटना की जानकारी प्रियांशु के घर में दी। इसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। सरकंडा पुलिस ने नगर सेना के गोताखोर को बुलाकर प्रियांशु को खोजना शुरू कर दिया। सुबह करीब 11 बजे गोताखोर उसे निकालकर सिम्स ले गए। सिम्स में जांच के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Next Story