कार वाश संचालक के भाई पर प्राणघातक हमला, आरोपी ने गले में मारा चाकू

बिलासपुर। कार वाश संचालक के भाई पर नशेड़ी युवक ने चाकू से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक उनके घर के सामने ठेला लगाता है और गांजा बेचता है। उसे मना करने पर गाली देते हुए धारदार चाकू से मार दिया, जिससे वे खून से लथपथ होकर घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, पुलिस ने हमलावर युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
शिव टॉकीज चौक के पास रहने वाले जसपाल सिंह भोगल (47) महामाया कार वाश का संचालक हैं। उनके घर के पास कुमारी खटिक नाम की महिला ठेला लगाती है, जो हमेशा उनके घर के दरवाजे के सामने ठेला लाकर खड़ा कर देती है। आरोप है कि इसके चलते नशेड़ी युवक उनके घर के पास बैठे रहते हैं और उन्हें परेशानी होती है। महिला के ठेले में वीरेंद्र नाम का लड़का काम करता है और आदतन नशेड़ी है। रविवार रात घर के सामने ठेला लगाने से जसपाल के भाई रंजीत सिंह ने युवक को मना किया। इसी बात को लेकर गाली देते हुए वीरेंद्र ने धारदार चाकू निकाल हमला कर दिया।
जसपाल सिंह ने बताया कि उनके घर के पास महिला गांजा बेचती है। इसकी वजह से ही वहां बदमाश युवकों की भीड़ लगी रहती है। उन्होंने इस घटना की शिकायत पुलिस से की है।





