छत्तीसगढ़

घर में घुसकर भाई-बहन पर किया जानलेवा हमला, जांच में जुटी पुलिस

Shantanu Roy
30 May 2022 4:43 PM GMT
घर में घुसकर भाई-बहन पर किया जानलेवा हमला, जांच में जुटी पुलिस
x
छग

अंबिकापुर। शहर से लगे ग्राम करजी में घर घुसकर भाई-बहन पर धारदार हथियार से हमला करने से सनसनी फैल गई। घायल भाई-बहन को मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में गांव में ही निजी क्लीनिक का संचालन करने वाले कथित चिकित्सक के शामिल होने की बात कही जा रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना दरिमा थाना क्षेत्र के करजी ग्राम के माझापारा का है।

यहां रहने वाले शिव लाल सोनी गांव-गांव में सामान खरीद-बिक्री का काम करते हैं। रोज की तरह पिता आज भी काम में सिलसिले में गांवों में गए हुए थे।घर पर उनकी बेटी कविता सोनी (22) और बेटा प्रिंस सोनी (20) अकेले थे। तभी पड़ोस में रहने वाले एक कथित चिकित्सक के द्वारा घर में घुसकर भाई बहन पर धारदार हथियार से वार कर घायल कर मौके से फरार हो गया, जिसके बाद घटना की जानकारी लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
घटना की जानकारी घायलों के स्वजन को दी गई जिसके बाद तत्काल घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कालेज अस्पताल अंबिकापुर लाकर भर्ती कराया गया है। यहां दोनों का उपचार जारी है। दोनों को गंभीर चोटें आई है। घायलों के पिता शिव लाल सोनी का कहना है कि उनके पुत्र और पुत्री पर हमला क्यों किया गया इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है। इस घटना के बाद करजी के घटनास्थल में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। सूचना पर दरिमा पुलिस भी मौके के लिए रवाना हो चुकी है। सरगुजा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने बताया कि घटना की मौखिक सूचना मिली है, जिसमें गांव में ही निजी क्लीनिक का संचालन करने वाले कथित चिकित्सक द्वारा हमला करने की बात कही जा रही है। जांच के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा।
Next Story