छत्तीसगढ़

नंदन विहार में दिनदहाड़े चोरी, तिजोरी काटकर जेवरात और नकदी ले उड़ा चोर

Shantanu Roy
31 May 2026 10:29 PM IST
नंदन विहार में दिनदहाड़े चोरी, तिजोरी काटकर जेवरात और नकदी ले उड़ा चोर
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। शहर के पॉश इलाके मिनोचा कॉलोनी से लगे नंदन विहार क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोर ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखी तिजोरी को कटर से काटकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी लेकर फरार हो गया। घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था और धार्मिक यात्रा पर गया हुआ था। जानकारी के अनुसार, नंदन विहार स्थित ग्रीन गार्डन के सामने रहने वाले आर्किटेक्ट निर्मल अग्रवाल की बेटी कीर्ति अग्रवाल का मकान बंद था। गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे निर्मल अग्रवाल ने घर की सफाई करवाने के बाद मकान में ताला लगाकर उसे बंद कर दिया था। इसके बाद परिवार के सदस्य अपने कार्यों में व्यस्त हो गए।
शाम करीब 4 बजे निर्मल अग्रवाल की पत्नी एक नौकर के साथ घर के बाहर लगे पौधों में पानी देने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और दरवाजा अंदर से बंद है। यह देखकर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी। सूचना मिलते ही निर्मल अग्रवाल मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उन्होंने सीढ़ी के सहारे घर के भीतर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। घर के कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और बेडरूम में रखी तिजोरी कटी हुई अवस्था में मिली। परिजनों के अनुसार तिजोरी में सोने का मंगलसूत्र, 100-100 ग्राम के दो चांदी के सिक्के, एक जोड़ी चांदी की पायल सहित अन्य कीमती जेवरात और नकदी रखी हुई थी।
चोरी गए सामान की प्रारंभिक कीमत एक लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन अभी किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा है। पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में दोपहर करीब 2:20 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर के भीतर प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पॉश कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Next Story