छत्तीसगढ़

डी.पुरंदेश्वरी ने संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर

HARRY
8 Dec 2020 5:53 AM GMT
डी.पुरंदेश्वरी ने संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर
x

कोर ग्रुप की बैठक में रिक्त पदों पर नियुक्तियां पूरी करने के दिये निर्देश

रायपुर (जसेरि)। छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास पर पहुंची भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी और सह प्रभारी नितिन नबीन ने प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर जिलाध्यक्ष और कोर ग्रुप की बैठक ली। पुरंदेश्वरी ने बैठक में साफ कहा कि कांग्रेस सरकार के एक हजार दिन बचे हैं। आज विरोध की नींव रख दी गई है। ठीक एक हजार दिन बाद भाजपा एक बार फिर सत्ता में होगी। सत्ता वापसी का फार्मूला सेट करते समय पुरंदेश्वरी ने कहा कि सबसे पहले संगठन के सभी रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाए। इसके लिए उन्होंने बकायदा समय तय कर दिया है। जिला स्तर की सभी यूनिट में 15 दिसंबर तक नियुक्ति पूरी करनी है। वहीं, प्रदेश के सभी सात मोर्चा की कार्यकारिणी का गठन 20 दिसंबर तक करने का लक्ष्य तय किया है। प्रदेश में दो जिले भिलाई और दुर्ग में जिलाध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हुई है। इसे भी 15 दिसंबर तक पूरा करना है। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि पूरे दिन चली बैठक में अगले एक हजार दिन की कार्ययोजना पर विचार किया गया। कोर ग्रुप की बैठक में पिछले विधानसभा चुनाव और तीन उपचुनाव की समीक्षा की गई। राज्य की कांग्रेस सरकार के दो साल के कामकाज पर चर्चा हुई। किन मुद्दों और योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाना है, उस पर भी चर्चा की गई। दरअसल, विधानसभा चुनाव में हार के बाद पहली बार भाजपा ने हार के कारणों पर चर्चा की है। नई प्रदेश प्रभारी ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी पदाधिकारियों को साफ संकेत दे दिया कि संगठन के विषय को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगी पुरंदेश्वरी : प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी ने कहा कि वो खुद संगठन के कामकाज को परखने के लिए जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक प्रवास करेंगी। इस दौरान सक्रिया कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद होगा। इसके लिए अगली बैठक में कार्यक्रम तय किया जाएगा।

13 सदस्यीय नई कोर कमेटी का गठन : प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी ने 13 सदस्यीय प्रदेश कोर कमेटी का गठन किया गया। इसमें प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी, सह प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, डा. रमन सिंह, सौदान सिंह, धरमलाल कौशिक, विक्रम उसेंडी, पवन साय, राम प्रताप सिंह, सरोज पांडेय, रामविचार नेताम, बृजमोहन अग्रवाल और पुन्नूलाल मोहले शामिल हैं।

आज सांसदों, पूर्व सांसदों और विधानसभा उम्मीदवार से चर्चा : मंगलवार को प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों, वर्ष 2014 के सांसदों, वर्ष 2018 में विधानसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों से चर्चा होगी।

Next Story