छत्तीसगढ़
चक्रवात 'अकवान' ने बढ़ाई छत्तीसगढ़ में ठंड, किसानों की बढ़ी चिंता
jantaserishta.com
20 Nov 2026 9:01 AM IST

x
छत्तीसगढ़.
रायपुर: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अकवान का असर अब दिखाई देने लगा है। देर रात प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई, जिससे तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम में आए बदलाव के चलते रायपुर संभाग सहित प्रदेश के कई हिस्सों में रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार और धमतरी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के साथ कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
चक्रवात का असर बलौदाबाजार जिले में भी देखने को मिल रहा है, जहां रात से कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम के इस बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में धान पककर तैयार है, लेकिन बारिश के कारण कटाई प्रभावित होने और फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
पिछली बारिश के बाद खेतों में नमी अधिक होने से किसान कटाई नहीं कर पा रहे थे। बीते कुछ दिनों की धूप से खेत सूखने लगे थे और किसानों को फसल जल्द समेटने की उम्मीद थी, लेकिन फिर बारिश शुरू होने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। लगातार बारिश होने पर धान भीगने, खेतों में गिरने और गुणवत्ता खराब होने का खतरा है।
प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन बलौदाबाजार जिले में अभी बड़ी संख्या में किसानों की फसल खेतों में ही खड़ी है। इसके चलते खरीदी केंद्रों तक धान की आवक अपेक्षाकृत कम बनी हुई है। यदि बारिश का दौर जारी रहता है तो कटाई में और देरी हो सकती है, जिससे खरीदी केंद्रों तक धान पहुंचने की रफ्तार प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में तय समय के भीतर सभी किसानों की उपज खरीदी जा सकेगी या नहीं, इसको लेकर चिंता बढ़ने लगी है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को बलौदाबाजार दौरे के दौरान किसानों को भरोसा दिलाया था कि जरूरत पड़ने पर धान खरीदी की अवधि बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है। अब मौसम की मार झेल रहे किसानों को राहत की उम्मीद सरकार के अगले फैसले से है।
फिलहाल किसानों के सामने फसल को मौसम से बचाने और जल्द कटाई कर खरीदी केंद्रों तक पहुंचाने की चुनौती है। वहीं, बारिश का आगे का रुख धान खरीदी व्यवस्था की गति तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





