छत्तीसगढ़

झपटमारी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, 7 वारदातों का खुलासा

Shantanu Roy
11 Nov 2026 8:30 PM IST
झपटमारी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, 7 वारदातों का खुलासा
x
छग
Durg. दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महिलाओं और राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण झपटने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नेशनल हाईवे, ओवरब्रिज और व्यस्त सड़कों पर झपटमारी की वारदातों को अंजाम देता था। खुर्सीपार पुलिस, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और अन्य थाना प्रभारियों की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिल, सोने के आभूषण, मोबाइल और अन्य सामान सहित कुल 3 लाख 60 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, खुर्सीपार सहित जिले के विभिन्न इलाकों में लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

नेशनल हाईवे और ओवरब्रिज पर देता था वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने दुर्ग जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सात अलग-अलग स्थानों पर झपटमारी की वारदातों को अंजाम दिया था। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में तुलसी ट्रेडर्स के सामने खुर्सीपार चौक पर मोबाइल और जेवरात छीने गए थे। इसी थाना क्षेत्र के डबरा पारा ओवरब्रिज पर एक बैग छीना गया था, जिसमें नकदी और दस्तावेज रखे थे। दोनों घटनाओं में खुर्सीपार थाने में अपराध दर्ज किया गया था। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर मोबाइल झपटमारी की घटना हुई थी। वहीं, जामुल थाना क्षेत्र के नंदनी रोड पर आरोपी ने एक बैग छीना था, जिसमें सोने के आभूषण और नकदी रखी थी।

सुपेला में दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा
छावनी थाना क्षेत्र के पावर हाउस ओवरब्रिज पर भी झपटमारी की वारदात हुई थी। यहां एक बैग छीना गया था, जिसमें मोबाइल और नकदी रखी थी। इसके अलावा सुपेला थाना क्षेत्र में चंद्र मौर्य टॉकीज के पास और ओवरब्रिज पर दो अलग-अलग घटनाओं में बैंक दस्तावेज, कार्ड और आभूषण छीने गए थे। दोनों मामलों में सुपेला थाने में अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए थे।

29 वर्षीय लक्ष्मण राव गिरफ्तार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मण राव, पिता एस. सीमांचल राव, उम्र 29 वर्ष के रूप में की है। आरोपी डीएमसी तालाब, कुम्हारी, थाना कुम्हारी, जिला दुर्ग का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था। पुलिस ने इस मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।

3.60 लाख रुपये का सामान जब्त
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल, पांच ग्राम का सोने का सिक्का, एक टूटा हुआ सोने का मंगलसूत्र, चार मोबाइल फोन, दो बड़े पर्स और बैग तथा 1300 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा राशन कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी कार्ड, मेडिकल कार्ड और विभिन्न बैंकों के एटीएम तथा डेबिट कार्ड जब्त किए गए हैं। जब्त सामान में एसबीआई की दो बैंक पासबुक, एक चेकबुक और एक डायरी भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 3 लाख 60 हजार रुपये है।

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों, ओवरब्रिज और सुनसान रास्तों पर चलते समय मोबाइल, पर्स और आभूषणों की विशेष सुरक्षा करें। बैग को सड़क की ओर लटकाकर न चलें और सड़क पर मोबाइल से बात करते समय सावधानी बरतें। पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ झपटमारी हुई है या कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है, तो तत्काल खुर्सीपार थाने में सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Next Story