छत्तीसगढ़

50 साल का शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, पांच चोरी के मामलों से उठा पर्दा

Shantanu Roy
14 Nov 2026 11:05 PM IST
50 साल का शातिर बाइक चोर गिरफ्तार, पांच चोरी के मामलों से उठा पर्दा
x
छग
Surguja. सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने बिहार निवासी 50 वर्षीय आरोपी विजय गुप्ता को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की गई पांच मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है। इनमें गांधी स्टेडियम और चौपाटी क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। यह कार्रवाई डीआईजी एवं
एसएसपी
सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस टीम ने की है। अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के वाहनों की बरामदगी के निर्देश दिए थे।
गांधी स्टेडियम के बाहर से चोरी हुई थी मोटरसाइकिल
पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत 12 नवंबर 2026 को हुई, जब महुआपारा निवासी आदित्य कुजूर अपनी होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल क्रमांक CG/15/DK/2980 से गांधी स्टेडियम पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल स्टेडियम के बाहर खड़ी की थी। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटे तो उनकी बाइक वहां से गायब थी। काफी तलाश करने के बाद भी मोटरसाइकिल नहीं मिलने पर उन्होंने थाना कोतवाली अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 790/26, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध आरोपी गिरफ्तार
लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम को जल्द आरोपी का पता लगाने और चोरी के वाहनों की बरामदगी के निर्देश दिए थे। विवेचना के दौरान पुलिस टीम चोरी हुई मोटरसाइकिल और आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध विजय गुप्ता को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विजय गुप्ता, पिता इन्द्रदेव गुप्ता, उम्र 50 वर्ष बताया। वह मूल रूप से डेहरी कोयला डिपो के पास, थाना डेहरी, जिला रोहतास, बिहार का निवासी है और वर्तमान में केदारपुर, अंबिकापुर में रह रहा था।
पांच मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने गांधी स्टेडियम के बाहर से आदित्य कुजूर की होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल चोरी करने और उसे छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। इसके अलावा उसने चार अन्य मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी भी दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इनमें एक बजाज सीटी, एक स्प्लेंडर प्लस और दो होंडा ड्रीम शाइन मोटरसाइकिल शामिल हैं। गांधी स्टेडियम से चोरी हुई होंडा ड्रीम युगा सहित सभी पांच वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
न्यायालय में पेश किया गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त अपराध साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इस कार्रवाई से मोटरसाइकिल चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ और चोरी के पांच वाहन बरामद किए गए।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक आलोक सोनी, प्रधान आरक्षक सूरज राय, प्रधान आरक्षक सियाराम मरावी, प्रधान आरक्षक सदरक लकड़ा, आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा और शिव राजवाड़े सक्रिय रहे। सरगुजा पुलिस द्वारा दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में पांच मोटरसाइकिलों की बरामदगी को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
Next Story