छत्तीसगढ़
सीयू छात्र मौत मामला: SSP की सख्त निगरानी में चल रही जांच
Shantanu Roy
27 Oct 2025 10:34 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (सीयू) के छात्र अर्सलान अंसारी की संदिग्ध मौत के मामले ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। इस रहस्यमय मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए अब बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली सीएसपी आईपीएस गगन कुमार को जांच की कमान सौंप दी है। एसएसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए मौके पर मौजूद फोरेंसिक टीम से विस्तारपूर्वक चर्चा की और सभी संभावित एंगल से जांच के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने आईपीएस गगन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर दी, जो अब घटना की तहकीकात कर रही है।
सीएसपी गगन कुमार ने शुरू की ताबड़तोड़ जांच
सीएसपी आईपीएस गगन कुमार ने जांच की कमान संभालते ही हॉस्टल प्रबंधन और छात्रों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस टीम यह पता लगाने में जुटी है कि अर्सलान की मौत हादसा थी या हत्या। जिन परिस्थितियों में उसका शव मिला, वे कई सवाल खड़े करते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन के सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। कई फुटेज को पुलिस ने सुरक्षित कर लिया है, जिनमें कुछ अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि घटना से पहले अर्सलान ने किन लोगों से बात की थी। सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि “विवेचना तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और फोरेंसिक रिपोर्ट को मिलाकर घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। जल्दबाज़ी में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जाएगा, बल्कि ठोस सबूतों के आधार पर सच्चाई सामने लाई जाएगी।”
एसएसपी की सीधी निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर नजर
एसएसपी रजनेश सिंह लगातार जांच टीम से प्रगति रिपोर्ट ले रहे हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मामले की हर जानकारी प्रमाणिकता के साथ जुटाई जाए और किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक खबर फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने अब तक कई संदिग्धों को चिन्हित किया है और उनसे पूछताछ की प्रक्रिया जारी है। जांच टीम सभी संभावित बिंदुओं पर काम कर रही है — चाहे वह हॉस्टल परिसर के लोगों की गतिविधियाँ हों या मृतक के मोबाइल डेटा से जुड़े तथ्य।
राजनीतिक सरगर्मी से पहले सक्रिय हुई पुलिस
घटना के बाद कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने जांच की मांग करते हुए राजनीतिक बयानबाजी शुरू कर दी थी। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने जांच की दिशा तय कर दी। एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच टीम का गठन किया और स्वयं मॉनिटरिंग शुरू की। सूत्रों के अनुसार, वे हर कुछ घंटे में जांच की प्रगति रिपोर्ट अपडेट ले रहे हैं।
जल्द सुलझ सकती है मौत की गुत्थी
मामले की गंभीरता और जांच की गति को देखते हुए पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस रहस्यमय मौत की गुत्थी सुलझ जाएगी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण पूरा होते ही जांच निर्णायक मोड़ पर पहुंचेगी। एसएसपी ने मीडिया को दिए संक्षिप्त बयान में कहा कि “हम हर तकनीकी साक्ष्य का बारीकी से परीक्षण कर रहे हैं। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता से अपील है कि अफवाहों से बचें और पुलिस जांच पर भरोसा रखें।” जांच टीम अब सभी कोणों से सुराग जुटाने में लगी है- हत्या, आत्महत्या या दुर्घटना, हर पहलू पर बारीकी से पड़ताल हो रही है। पुलिस का दावा है कि अगले कुछ दिनों में सच सामने आ जाएगा।
Tagsबिलासपुर छात्र मौतसीयू छात्र अर्सलान अंसारीगुरुघासीदास यूनिवर्सिटीसीएसपी गगन कुमार जांचएसएसपी रजनेश सिंहसीयू हॉस्टल घटनाबिलासपुर पुलिस जांचसीडीआर रिपोर्टफोरेंसिक जांचसीसीटीवी फुटेजबिलासपुर क्राइम न्यूज़छत्तीसगढ़ ताज़ा खबरBilaspur student deathCU student Arsalan AnsariGuru Ghasidas UniversityCSP Gagan Kumar investigationSSP Rajneesh SinghCU hostel incidentBilaspur police investigationCDR reportforensic investigationCCTV footageBilaspur crime newsChhattisgarh latest news
Next Story





