छत्तीसगढ़

बृजमोहन अग्रवाल की माता के अंतिम संस्कार पर दिखा जनसैलाब

Shantanu Roy
29 Feb 2024 1:55 PM GMT
बृजमोहन अग्रवाल की माता के अंतिम संस्कार पर दिखा जनसैलाब
x
सभी की आंखें हुई नम
रायपुर। अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय संरक्षक रामजीलाल अग्रवाल की धर्मपत्नी एवं शिक्षा संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की माता श्रीमती पिस्ता देवी अग्रवाल का अंतिम संस्कार किया गया। रायपुर के मारवाड़ी शमशान घाट में उनको मुखाग्नि दी गई। उनकी अंतिम यात्रा में गणमान्य नागरिक, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, राजनीति से जुड़े हजारों लोग शामिल हुए। सभी ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
छत्तीसगढ़ के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की मां पिस्तादेवी का मंगलवार शाम को निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को मारवाड़ी श्मशान घाट में किया गया। बृजमोहन अग्रवाल ने अपनी मां के पार्थिव देह को कंधा दिया। प्रदेश भाजपा सह प्रभारी नितिन नबीन भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

दरअसल, अंतिम यात्रा मंत्री के निज आवास मौलश्री विहार से निकाली गई। जहां से महावीर गौशाला और रामसागर पारा भी ले जाया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्यपाल विश्वभूषण, प्रदेश सरकार के सभी मंत्री विधायक और सांसदों ने घर पर श्रद्धांजलि अर्पित की थी। बता दें कि, पिस्ता देवी ने 27 फरवरी को 91 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वो पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं और रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती थीं। पिस्ता देवी अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय संरक्षक और समाजसेवी रामजीलाल अग्रवाल की धर्मपत्नी थीं।

समाजसेवी गोपालकृष्ण अग्रवाल और शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, अग्रवाल सभा रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, योगेश अग्रवाल और यशवंत अग्रवाल की माता जी थीं। मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की माताजी के निधन पर राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने ट्वीट कर निधन पर दुःख जताया है। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को सद्गति और शोक-संतप्त परिवार को धैर्य प्रदान करें। ॐ शांति।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ट्वीट कर लिखा है कि हमारे कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के मां पिस्तादेवी अग्रवाल के देवलोकगमन की दुखद सूचना प्राप्त हुई। प्रभु श्रीराम से मेरी प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। शोकसंतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें। ॐ शांति।


Next Story