छत्तीसगढ़
जनदर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, कलेक्टर ने सुनी गंभीर शिकायतें
jantaserishta.com
12 Aug 2026 12:04 PM IST

x
अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए सख्त निर्देश.
एमसीबी: कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी संतन देवी जांगड़े के मार्गदर्शन में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनदर्शन में जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों से कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, नामांतरण, रकबा दुरुस्ती, वन अधिकार पट्टा, रोजगार, आर्थिक सहायता, आधार कार्ड, कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं का लाभ, फसल नुकसान, पेंशन एवं सामाजिक सहायता से जुड़े विभिन्न आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को केवल औपचारिकता के रूप में न लें, बल्कि प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराएं।
खैरबना निवासी कुलदीप कुमार ने अपनी भूमि को रामसज्जन यादव द्वारा जबरन जोताई किए जाने, विरोध करने पर विवाद एवं गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने और भूमि से अतिक्रमण हटाने के संबंध में शिकायत प्रस्तुत की। इसी प्रकार मनेंद्रगढ़ निवासी रामप्यारे ने राम किशुन द्वारा उनकी भूमि पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत की। मेंड्राडोल निवासी भीम सिंह ने पैतृक कृषि भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी एवं झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी के संबंध में उचित कार्रवाई की मांग की। बिछियाटोला निवासी अमरनाथ ने धमकी देने से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की।
भूमि एवं राजस्व से जुड़े मामलों में धनरजिया निवासी ने पट्टा में नाम दर्ज कराने, मनेंद्रगढ़ निवासी राम प्रसाद एवं आनंद शर्मा ने ग्राम चनवारीडांड की शासकीय भूमि खसरा नं. 73, रकबा 0.1600 हेक्टेयर के कथित अवैध विक्रय एवं कब्जे की जांच कर भूमि प्रशासन के कब्जे में लेने के संबंध में, चिरमिरी निवासी पूरन चंद जायसवाल ने रकबा दुरुस्त कर नामांतरण करने, मनेंद्रगढ़ निवासी अजीत सिंह ने प्रकरण का शीघ्र निराकरण करने तथा मनेंद्रगढ़ निवासी संजय गुप्ता ने नामांतरण पंजी की प्रति उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन दिया। पटना क्षेत्र से संबंधित अन्य आवेदनों में भी राजस्व अभिलेखों एवं भूमि संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।
वन अधिकार से जुड़े मामलों में पूटाडांड निवासी धन सिंह एवं मनि सिंह ने वन अधिकार पट्टा प्रदान किए जाने की मांग की। वहीं समय लाल एवं बाबूलाल ने वन भूमि को ऑनलाइन राजस्व अभिलेखों में दर्ज किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन प्रकरणों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सामाजिक एवं आर्थिक सहायता से संबंधित मामलों में चिरमिरी निवासी विजय कुमार मिश्रा ने आर्थिक सहायता एवं मार्गदर्शन, खोंगापानी निवासी किरण प्रजापति ने रोजगार उपलब्ध कराने, मनेंद्रगढ़ निवासी सुप्रिया सोनी ने सिलाई मशीन प्रदान करने तथा संजय गुप्ता ने ऋण उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आधार कार्ड से संबंधित शिकायत में मनेंद्रगढ़ निवासी फरजाना बेगम ने आधार कार्ड अपडेट कराने के बाद आधार कार्ड निरस्त होने की जानकारी देते हुए उसे पुनः चालू कराने की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कृषि एवं उद्यानिकी से जुड़े मामलों में मनवारी निवासी प्रदीप कुमार गुप्ता ने उद्यानिकी विभाग से 50 डिसमिल भूमि में लगाने के लिए ग्राफ्टेड लीची के पौधे एवं टीशू कल्चर भूसावली केले के पौधे उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने विभागीय योजनाओं एवं अनुदान की जानकारी मोबाइल एसएमएस अथवा व्हाट्सऐप के माध्यम से उपलब्ध कराने तथा शेड निर्माण एवं कृषि उपकरणों में मिलने वाले अनुदान की जानकारी भी मोबाइल के माध्यम से देने का आग्रह किया। उन्होंने अपने स्वामित्व की भूमि पर स्थित मोबाइल टावर में नौकरी के दौरान जमा पीएफ की राशि श्रम विभाग से दिलाए जाने के संबंध में भी आवेदन प्रस्तुत किया।
मनवारी क्षेत्र के मनीलाल ने बाउंड्रीवाल गिरने से किसानों की फसल को हुए नुकसान के संबंध में शिकायत प्रस्तुत की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मौके की स्थिति की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में चिरमिरी निवासी गंगाराम ने ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं अवधेश कुमार ने झूठे मामले में फंसाए जाने की शिकायत करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की। अन्य आवेदकों ने भी अपनी व्यक्तिगत, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार एवं शासकीय योजनाओं से संबंधित समस्याएं कलेक्टर के समक्ष रखीं।
कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया जाए और जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव है, उनका प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और आम नागरिकों के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए यहां प्राप्त शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराएं, ताकि नागरिकों को अपनी शिकायत के निराकरण की वास्तविक स्थिति पता चल सके।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना और पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करते हुए इसकी जानकारी उच्च स्तर पर प्रस्तुत करें।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





