छत्तीसगढ़

चक्रवात से फसलें प्रभावित, CM साय ने कलेक्टरों को दिए बड़े निर्देश

SHIDDHANT
20 Nov 2026 7:55 PM IST
चक्रवात से फसलें प्रभावित, CM साय ने कलेक्टरों को दिए बड़े निर्देश
x
छत्तीसगढ़
Raipur रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान के प्रभाव से हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के कारण खेतों में खड़ी धान और रबी की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को राहत देने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार प्रभावित किसानों के साथ खड़ी है और फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि चक्रवात के कारण फसलों को हुए संभावित नुकसान को देखते हुए प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों को सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों की पहचान की जाएगी और नुकसान की पुष्टि होने पर उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
RBC 6-4 और फसल बीमा के तहत मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण जिन किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 और फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुसार सहायता राशि दी जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन को नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम साय ने कहा कि इससे पहले भी चक्रवात के कारण प्रदेश में किसानों की फसलें प्रभावित हुई थीं। उस समय भी सरकार ने प्रशासन के माध्यम से सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को सहायता उपलब्ध कराई थी। इस बार भी सरकार उसी प्रक्रिया के तहत किसानों को राहत प्रदान करेगी।
दिल्ली में छत्तीसगढ़ की संस्कृति का होगा प्रदर्शन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। वे इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से प्रदेश की गतिविधियों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए राज्य की समृद्ध लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करेंगे।
यूपी चुनाव में छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ता निभाएंगे जिम्मेदारी
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री से उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी सवाल किया गया। छत्तीसगढ़ के नेताओं और कार्यकर्ताओं की चुनावी ड्यूटी लगाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव के समय अलग-अलग राज्यों के कार्यकर्ता दूसरे प्रदेशों में जाकर पार्टी के लिए काम करते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ता जाएंगे। पार्टी की ओर से उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसी के अनुरूप वे चुनावी गतिविधियों में सहयोग करेंगे। फिलहाल चक्रवात के असर से फसलों को संभावित नुकसान के बीच मुख्यमंत्री के आश्वासन से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब जिला प्रशासन के सर्वे के आधार पर नुकसान का आकलन किया जाएगा और पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
Next Story