छत्तीसगढ़

नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा, कांकेर पुलिस ने जब्त मादक पदार्थों को किया नष्ट

Shantanu Roy
3 Sept 2026 11:45 PM IST
नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा, कांकेर पुलिस ने जब्त मादक पदार्थों को किया नष्ट
x
छग
Kanker. कांकेर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कांकेर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने ‘उजियारा अभियान’ के तहत 32 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण कराया। कार्रवाई के दौरान कुल 178.100 किलोग्राम गांजा, 565 नग नशीली टैबलेट और 121 नग नशीली सिरप को भस्मीकरण संयंत्र के माध्यम से नष्ट किया गया। इन मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 83 लाख 40 हजार 388 रुपये बताई गई है। मादक पदार्थों का यह नष्टीकरण 3 सितंबर 2026 को जिला बस्तर के जगदलपुर अंतर्गत थाना कोड़ेनार क्षेत्र के ग्राम पंचायत रायकोट स्थित वज्र मेटालिक प्राइवेट लिमिटेड के भस्मीकरण संयंत्र में किया गया। पूरी कार्रवाई जिला स्तरीय नष्टीकरण समिति की निगरानी में संपन्न हुई।
समिति की निगरानी में पूरी हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की कार्रवाई माननीय उच्चतम न्यायालय में दायर क्रिमिनल अपील पर पारित दिशा-निर्देशों और पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेशों के अनुपालन में की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर निखिल राखेचा (भापुसे) की अध्यक्षता में गठित समिति ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांकेर एवं नोडल अधिकारी एनडीपीएस योगेश साहू तथा कार्यपालिक दंडाधिकारी एवं तहसीलदार तोकापाल गजेन्द्र सिंह मौजूद रहे। नष्टीकरण से पहले समिति और गवाह पंचों की मौजूदगी में जब्त मादक पदार्थों की तौल की गई और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई। दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मादक पदार्थों को भस्मीकरण संयंत्र में डालकर नियमानुसार पूर्णतः नष्ट किया गया। पुलिस के मुताबिक इस प्रक्रिया का उद्देश्य जब्त नशीले पदार्थों के दोबारा दुरुपयोग या अवैध तरीके से बाजार में पहुंचने की किसी भी संभावना को समाप्त करना है।
गांजा और नशीली दवाओं का किया गया नष्टीकरण
जिला कांकेर के 32 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त सामग्री में 178.100 किलोग्राम गांजा, 565 नशीली टैबलेट और 121 नग नशीली सिरप शामिल थे। इन सभी की अनुमानित कीमत 83,40,388 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान वैज्ञानिक, पर्यावरण विभाग जगदलपुर घनश्याम सिंह, जिला आबकारी अधिकारी कांकेर मधुकर श्याम हरित, उपनिरीक्षक एवं प्रभारी डीसीबी/डीसीआरबी दयालू राम साहू, संबंधित मामलों के मालखाना मुंशी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और गवाह पंच भी उपस्थित रहे।
‘उजियारा अभियान’ के तहत लगातार कार्रवाई
कांकेर पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों के अवैध परिवहन, बिक्री, भंडारण और सेवन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ‘उजियारा अभियान’ के माध्यम से नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ नशीले पदार्थों की उपलब्धता को रोकने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण कार्रवाई का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे जब्त सामग्री के दोबारा अवैध उपयोग या बाजार में पहुंचने की आशंका समाप्त होती है। कांकेर पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।
Next Story