छत्तीसगढ़

सड़क पर दुकान लगाने वालों पर सख्ती, चला रायपुर निगम का डंडा

jantaserishta.com
24 Sept 2026 11:11 AM IST
सड़क पर दुकान लगाने वालों पर सख्ती, चला रायपुर निगम का डंडा
x
छत्तीसगढ़.
रायपुर: नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा शहर में सुव्यवस्थित यातायात एवं बाजार व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भाटागांव बाजार को निर्धारित स्थल पर व्यवस्थित रूप से शिफ्ट कराया गया। आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम बाजार विभाग की उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, नगर निगम जोन 6 जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव की उपस्थिति में टीम प्रहरी एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान बाजार क्षेत्र के मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया तथा सड़क पर अव्यवस्थित रूप से बैठने वाले विक्रेताओं को निर्धारित स्थल पर शिफ्ट किया गया।
बाजार परिसर में नो-व्हीकल जोन
बाजार के भीतर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पूरे बाजार परिसर को “नो-व्हीकल जोन” घोषित किया गया है। विक्रेताओं एवं सब्जी खरीदने आने वाले ग्राहकों, दोनों के लिए बाजार के भीतर वाहन लेकर जाना प्रतिबंधित रहेगा। सभी से निर्धारित पार्किंग/वाहन स्थल का उपयोग करने की अपील की गई है। इस व्यवस्था की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही थोक सब्जी विक्रेताओं के वाहनों के लिए बाजार परिसर में निर्धारित स्थान चिन्हित किए गए हैं, ताकि वाहनों की अनियमित पार्किंग से बाजार एवं मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित न हो।
मुख्य मार्ग पर अवैध संरचनाओं पर कार्रवाई
नगर निगम की टाउन प्लानिंग टीम द्वारा भी कार्रवाई करते हुए मुख्य मार्ग पर अवैध संरचना बनाकर अपनी दुकानों को आगे बढ़ाने वाले व्यवसायियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा ऐसी संरचनाओं को हटाया गया। निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक मार्ग एवं निर्धारित सीमाओं पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण अथवा अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निर्धारित आवंटित स्थल पर ही बैठना अनिवार्य
नगर निगम द्वारा बाजार के प्रत्येक व्यवसायी/विक्रेता के लिए निर्धारित एवं आवंटित स्थान तय किया गया है। सभी संबंधितों को निर्देशित किया गया है कि वे केवल अपने निर्धारित आवंटित स्थल पर ही व्यवसाय करें।निर्धारित स्थान के अतिरिक्त अन्य स्थान पर बैठकर बाजार की व्यवस्था प्रभावित करने वाले अथवा निर्देशों का उल्लंघन करने वाले आवंटितियों के विरुद्ध आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
शासकीय कार्य में बाधा पर वैधानिक कार्रवाई
कल शासकीय कार्रवाई के दौरान शासकीय कर्मचारियों के साथ अभद्रता एवं शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द कर थाने भेजा गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बाजार में अव्यवस्था फैलाने, अतिक्रमण करने अथवा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर नगर पालिक निगम का उद्देश्य भाटागांव बाजार को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाते हुए विक्रेताओं और आम नागरिकों दोनों के लिए बेहतर बाजार व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story