
x
छत्तीसगढ़
Durg दुर्ग: जिले में साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के ‘समन्वय पोर्टल’ और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के आधार पर 350 से अधिक संदिग्ध बैंक खाताधारकों के खिलाफ अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। ये खाते देशभर में साइबर फ्रॉड की रकम को प्राप्त करने, ट्रांसफर करने और निकालने के लिए उपयोग किए जा रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कई खातों में साइबर अपराध से जुड़ी रकम सीधे ट्रांसफर की गई थी। इन्हें ‘लेयर-1 म्यूल अकाउंट’ के रूप में चिन्हित किया गया है। म्यूल अकाउंट का उपयोग ठगी की रकम को छिपाने और असली अपराधियों की पहचान छुपाने के लिए किया जाता है।
पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के कई खातों की जांच में साइबर ठगी की रकम मिलने के बाद संबंधित खाताधारकों पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं सुपेला क्षेत्र में बंधन बैंक के खातों में सबसे बड़ा मामला सामने आया है, जहां सैकड़ों संदिग्ध खातों की जांच चल रही है।
इसके अलावा उतई क्षेत्र में IDFC बैंक के करीब 30 खातों पर भी FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब बैंकिंग ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर और KYC दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी है और जरूरत पड़ने पर आगे गिरफ्तारी और खातों को फ्रीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





