छत्तीसगढ़
ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्ती, 145 ऑटो-ई रिक्शा की जांच, 22 वाहनों पर चालान
Shantanu Roy
1 Oct 2026 3:21 PM IST

x
छग
Dhamtari. धमतरी। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नया बस स्टैंड और अर्जुनी मोड़ क्षेत्र में वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान ऑटो, ई-रिक्शा, मोटरसाइकिल सहित अन्य वाहनों की जांच करने के साथ चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से शराब सेवन की भी जांच की गई। नया बस स्टैंड क्षेत्र में जांच के दौरान एक ई-रिक्शा चालक और दो मोटरसाइकिल चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। यातायात पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया। साथ ही संबंधित चालकों के खिलाफ मोटर यान अधिनियम के तहत प्रकरण तैयार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई से शराब पीकर वाहन चलाने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। जांच के दौरान वाहन चालकों को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई और संदिग्ध चालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। अर्जुनी मोड़ क्षेत्र में भी यातायात पुलिस ने व्यापक जांच अभियान चलाया। यहां करीब 145 ऑटो और ई-रिक्शा की जांच की गई। जांच के दौरान वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के पालन की स्थिति देखी गई। जिन वाहनों में आवश्यक कमियां मिलीं, उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के मुताबिक जांच में 22 वाहनों पर चालान किया गया, जबकि चार वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखने, वाहन की फिटनेस दुरुस्त रखने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों से कहा गया कि वाहन चलाते समय निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें। यात्रियों की क्षमता, वाहन की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा संबंधी जरूरी व्यवस्थाओं की अनदेखी न की जाए। पुलिस ने चालकों को चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
धमतरी यातायात पुलिस के अनुसार जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस वर्ष अब तक 391 शराबी वाहन चालकों के खिलाफ मोटर यान अधिनियम के तहत प्रकरण तैयार कर न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि शराब या किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकता है। इससे केवल वाहन चालक ही नहीं, बल्कि यात्रियों और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। इसी कारण ड्रंक एंड ड्राइव मामलों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब या अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं। निर्धारित गति सीमा का पालन करें और वाहन चलाते समय सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें। वाहन की फिटनेस और सुरक्षा मानकों को भी नियमित रूप से दुरुस्त रखने की सलाह दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। शहर के प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर समय-समय पर वाहन जांच के साथ ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





