
x
छग
Bilaspur बिलासपुर। सकरी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महिला ग्राम चोरभट्ठी में गांजा रखकर कथित तौर पर नशा करने वाले लोगों को बेच रही थी। आरोपी के कब्जे से 310 ग्राम गांजा और बिक्री की नकद रकम बरामद की गई है। महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
मुखबिर से मिली गांजा बिक्री की सूचना
5 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चोरभट्ठी में एक महिला काले रंग की पॉलीथिन में गांजा रखकर लोगों को बेच रही है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया। मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची टीम ने बिजली ऑफिस मोड़ के पास ग्राम चोरभट्ठी में संदिग्ध महिला को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान 40 वर्षीय उम्मद बी पति आसमी खान के रूप में हुई।
310 ग्राम गांजा और नकदी जब्त
पुलिस के मुताबिक महिला की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से कुल 310 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने 270 रुपये नकद भी जब्त किए हैं, जिसे गांजा बिक्री से प्राप्त रकम बताया गया है। मामले में सकरी थाने में अपराध क्रमांक 820/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(A) और 29 के तहत कार्रवाई की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की लगातार पतासाजी की जा रही है।
Next Story





