छत्तीसगढ़

रायपुर में अपराधियों पर कसा शिकंजा, 82 वारंटी गिरफ्तार

Shantanu Roy
31 Aug 2026 10:39 PM IST
रायपुर में अपराधियों पर कसा शिकंजा, 82 वारंटी गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन विश्वास” के तहत व्यापक कार्रवाई की गई। 24 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक उत्तर, पश्चिम और मध्य जोन में पुलिस ने अपराधियों, स्थायी वारंटियों, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबारियों तथा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। इस दौरान 82 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं बड़ी मात्रा में शराब, गांजा, प्रतिबंधित नशीली गोलियां और हेरोइन बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान तीनों जोन में अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए करीब 17 लाख 30 हजार रुपये कीमत की सामग्री जब्त की गई। इसके अलावा आदतन अपराधियों, गुंडा बदमाशों और निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी गई।
82 स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी
ऑपरेशन विश्वास के तहत रायपुर पुलिस ने स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 82 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लंबित वारंटों की तामिली करते हुए लंबे समय से फरार आरोपियों पर कार्रवाई की। इसके साथ ही आबकारी एक्ट के तहत 167 प्रकरणों में 167 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। धारा 170 बीएनएस के तहत 203 प्रकरणों में तथा धारा 126/135 बीएनएस के तहत 211 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।
60.339 किलो गांजा और 1,590 नशीली टेबलेट जब्त
मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली। एक सप्ताह के दौरान तीनों जोन से कुल 60.339 किलोग्राम गांजा, 1,590 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और 10.59 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा 273 पव्वा देशी शराब समेत अन्य सामग्री भी जब्त की गई। पश्चिम जोन में सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई। यहां पुलिस ने 60.339 किलोग्राम गांजा, 1,590 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और 10.59 ग्राम हेरोइन जब्त की। कार्रवाई के दौरान तीन मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन भी पुलिस के कब्जे में लिया गया। उत्तर जोन में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में 15 और 133 पव्वा देशी शराब सहित नगदी रकम जब्त की गई। वहीं मध्य जोन में 15 पव्वा देशी शराब, जिसकी मात्रा करीब 2.700 लीटर बताई गई है, बरामद की गई।
20 मामलों में आर्म्स एक्ट की कार्रवाई
सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार लेकर घूमने और आमजन में भय का माहौल पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। तीनों जोन में आर्म्स एक्ट के तहत 20 प्रकरण दर्ज कर 20 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आरोपियों के कब्जे से कुल 20 चाकू एवं धारदार हथियार बरामद किए गए। जोनवार कार्रवाई में उत्तर जोन से दो चाकू, पश्चिम जोन से 12 चाकू एवं धारदार हथियार तथा मध्य जोन से छह चाकू बरामद किए गए।
गुंडा और निगरानी बदमाशों की चेकिंग
रायपुर पुलिस ने आदतन अपराधियों, गुंडा बदमाशों और निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी। उत्तर जोन में 62 गुंडा बदमाशों और 32 निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई। पश्चिम जोन सहित अन्य क्षेत्रों में भी संबंधित थाना पुलिस द्वारा ऐसे अपराधियों की लगातार निगरानी और चेकिंग की गई। पुलिस का उद्देश्य ऐसे लोगों की आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखना और किसी भी संभावित वारदात से पहले कानून-व्यवस्था की स्थिति को मजबूत करना है।
अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास के तहत अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने अवैध शराब और मादक पदार्थों का कारोबार करने वालों के साथ ही अवैध हथियार रखने वाले और सार्वजनिक स्थानों पर भय का वातावरण पैदा करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की है।
Next Story