
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। शहर की सड़कों पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले बाइक चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। कार्रवाई के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 8 बुलेट समेत कुल 20 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इन वाहनों के प्रकरण तैयार कर न्यायालय भेजे जा रहे हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्पोर्ट्स बाइक, बुलेट और अन्य दोपहिया वाहनों में नियम विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर चलने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
यातायात पुलिस के मुताबिक, मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाती है, बल्कि अचानक पटाखे जैसी आवाज निकलने से सड़क पर मौजूद लोगों में डर और असहजता भी पैदा हो सकती है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को ऐसी तेज आवाज से परेशानी हो सकती है। अभियान के तहत सत्यम चौक, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, सीएमडी चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग, महिमा तिराहा और मैग्नेटो मॉल रोड सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, नंबर प्लेट पर टेप लगाने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और स्टाइलिश नंबर प्लेट जैसे उल्लंघन पाए जाने का दावा किया गया।
यातायात पुलिस ने 8 बुलेट और 12 अन्य वाहनों समेत कुल 20 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है। संबंधित मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं। पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले दुकानदारों और एजेंसियों को भी चेतावनी दी है। विभाग के मुताबिक, पूर्व में ऐसे साइलेंसर बेचने वाली दुकानों और एजेंसियों पर कार्रवाई कर नोटिस जारी किए गए थे। आगे भी नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने की सूचना मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में उप पुलिस अधीक्षक शिवचरण परिहार, यातायात टीम और शहर पेट्रोलिंग टीम द्वारा जारी रखा जाएगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहनों में नियम विरुद्ध बदलाव न कराएं और अत्यधिक तेज या पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले साइलेंसर का इस्तेमाल न करें। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर ऐसे वाहनों की निगरानी जारी रखने की बात कही गई है।
Next Story





