संपत्ति विवाद में चचेरे भाइयों ने की मारपीट, महिला को आई चोंट

बिलासपुर। मंगला में पैतृक संपत्ति के विवाद में रिश्तेदारों ने पंप आपरेटर और उसके परिवार पर हमला कर दिया। घायल पंप आपरेटर ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। मंगला के पटेल पारा में रहने वाले दिलीप पटेल पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप में आपरेटर हैं। उनके पिता पारिवारिक विवाद के कारण अलग रहते हैं। उनकी मां ने संपत्ति के लिए न्यायालय में परिवाद दायर किया है। उनकी मां के भरण पोषण का भी मामला न्यायालय में चल रहा है।
पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर उनके चाचा और चचेरे भाई आए दिन विवाद करते हैं। बुधवार की रात नौ बजे दिलीप के घर चचेरे भाई रोहन और कोमल आए और गाली-गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर उन्होंने और रिश्तेदारों को बुलाकर आपरेटर और उनके भाई दीपक से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसे देख उनकी मां शिवकुमारी और पत्नी द्रोपती बीच-बचाव करने लगीं। मारपीट से दीपक और उनकी मां शिवकुमारी को चोटे आई है। घायल ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
