छत्तीसगढ़

सूरजपुर हत्याकांड में कोर्ट का फैसला, 4 आरोपी दोषी, कुलदीप साहू को 10 साल की सजा

Shantanu Roy
28 Sept 2026 7:44 PM IST
सूरजपुर हत्याकांड में कोर्ट का फैसला, 4 आरोपी दोषी, कुलदीप साहू को 10 साल की सजा
x
छग
Surajpur. सूरजपुर। जिले के चर्चित प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी हत्या मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने सोमवार को बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने मामले में चार आरोपियों को हत्या का दोषी माना है। अब दोषियों की सजा के बिंदु पर सुनवाई 8 अक्टूबर को होगी। वहीं, प्रधान आरक्षक उदय सिंह पर वाहन चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश करने के मामले में आरोपी कुलदीप साहू को अदालत ने 10 साल की सजा सुनाई है।
कोर्ट परिसर में रही सुरक्षा व्यवस्था
दोनों मामलों की सुनवाई को लेकर सोमवार को न्यायालय परिसर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए न्यायालय परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया था। चार आरोपियों को हत्या का दोषी करार दिए जाने के बाद अब सभी की नजर 8 अक्टूबर को होने वाली सजा की सुनवाई पर है।
प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की हुई थी हत्या
मामला 13 अक्टूबर 2024 की रात का है। सूरजपुर में प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी और उनकी मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। घटना से पहले चौपाटी में आदतन अपराधी कुलदीप साहू का प्रधान आरक्षक तालिब शेख से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान कुलदीप साहू ने होटल में रखे कढ़ाई के खौलते तेल को प्रधान आरक्षक पर फेंक दिया था। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई।
पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास
पुलिस तलाश अभियान के दौरान कुलदीप साहू एक कार में बैठा मिला। आरोप है कि उसने अंधेरे में पैदल खोजबीन कर रहे पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। इसी मामले में प्रधान आरक्षक उदय सिंह पर जानलेवा हमला करने के आरोप में कुलदीप साहू के खिलाफ कार्रवाई हुई थी, जिसमें कोर्ट ने उसे 10 साल की सजा सुनाई है।
घर पहुंचने पर सामने आया था पूरा मामला
हत्या की घटना के बाद प्रधान आरक्षक तालिब शेख ने अपनी पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। इसके बाद उन्हें अनहोनी की आशंका हुई और वे अपने किराए के मकान पहुंचे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि अंदर खून फैला हुआ था और पत्नी व बेटी मौजूद नहीं थीं। घर के बाहर एक चाकू भी मिला था। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर दोनों के शव बरामद किए गए थे।
पेशी के दौरान वीडियो की चर्चा
इधर, कोर्ट में पेशी के दौरान आरोपी कुलदीप साहू का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में वह कथित तौर पर मुस्कुराता हुआ नजर आ रहा है और वीडियो बनाए जाने की बात करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में उसके हावभाव को लेकर लोगों के बीच चर्चा है। हालांकि, वीडियो को लेकर आधिकारिक रूप से कोई टिप्पणी सामने नहीं आई है। फिलहाल हत्या मामले में दोषियों की सजा पर सुनवाई 8 अक्टूबर को होगी। अदालत के अंतिम आदेश के बाद ही सजा की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story