कोर्ट के कर्मचारियों के साथ मारपीट, बाप-बेटे ने नोटिस भी फाड़ा

भिलाई। मिलन चौक कैंप-2 निवासी एक व्यक्ति व उसके बेटे ने मिलकर न्यायालय के आदेशिका वाहक और एक अन्य कर्मचारी से मारपीट की। दोनों न्यायालय कर्मी, आरोपित को कोर्ट का नोटिस देने के लिए गए थे। तभी आरोपितों ने उनके हाथ से नोटिस छीन लिया और फाड़कर नाली में फेंक दिया। साथ ही आरोपितों ने दोनों न्यायालय कर्मियों से गाली गलौज व मारपीट भी की। घटना की शिकायत पर छावनी पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी कर जांच शुरू की गई है।
पुलिस ने बताया कि जयंती नगर सिकोलाभाठा दुर्ग निवासी रमेश कुमार यादव जिला न्यायालय दुर्ग में आदेशिका वाहक के पद पर कार्यरत है। वह शनिवार को न्यायालय कर्मी श्रीराम ठाकुर के साथ मिलन चौक कैंप-2 निवासी जोगिंदर सिंह को एक नोटिस देने के लिए गया हुआ था। जैसे ही दोनों कर्मी, आरोपित जोगिंदर सिंह के घर के बाहर पहुंचे और नोटिस देने लगे. तभी आरोपित का बेटा बाहर निकला और श्रीराम ठाकुर के हाथ से नोटिस छीनकर उसे फाड़कर नाली में फेंक दिया। इसके बाद दोनों आरोपितों ने न्यायालय के कर्मियों से गाली गलौज कर उनसे मारपीट की। दोनों न्यायालय कर्मियों ने नाली से नोटिस के टुकड़े निकाले और उसे लेकर छावनी थाना गए।
वहां पर आरोपितों के खिलाफ शिकायत की। जिसके आधार पर आरोपित जोगिंहर सिंह और उसके बेटे के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, शासकीय सेवक से मारपीट, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत प्राथमिकी की है।
