छत्तीसगढ़

भीषण सड़क हादसे में दंपती की मौत, दो बच्चे घायल

Shantanu Roy
1 April 2022 4:11 PM GMT
भीषण सड़क हादसे में दंपती की मौत, दो बच्चे घायल
x
छत्तीसगढ़

दुर्ग। जिले में हुई सड़क दुर्घटना में दंपती की मौत हो गई और उनके दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। अंडा पुलिस ने सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस और कुछ नेताओं ने भीड़ को समझाया इससे विरोध खत्म हुआ।

अंडा थाना प्रभारी के मुताबिक ग्राम डौकीडीह निवासी नोहर लाल साहू (30 साल) अपनी पत्नी दामिनी साहू (24वर्ष) व दो बच्चों को लेकर अपने ससुराल ग्राम कोनारी जा रहा था। वह लोग मोपेड में सवार होकर जैसे ही ग्राम अंडा आबादी पारा फुंडा मार्ग पर रिसामा गांव के पास पहुंचे सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी।
दुर्घटना में पति और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके दोनों बच्चों को गंभीर चोटें आई है। आसपास के लोगों ने तुरंत 112 की मदद से बच्चों को अस्पताल भिजवाया और पुलिस को फोन किया। खबर लगने पर अंडा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों के शव की शिनाख्त कर उसे पीएम के लिए अस्पताल भेजा। दुर्घटना की जनकारी मृतक परिवार को दे दी गई। जिला अध्यक्ष किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुकेश चंद्राकर ने मृतक के परिवार को अपनी तरफ से 20 हजार रुपए की सहायता प्रदान किया है।
रोड पर घंटों लगा जाम
दुर्घटना के बाद सड़क पर काफी जाम लग गया था। लोगों में भी दुर्घटना को लेकर आक्रोश था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और जाम को बड़ी मसक्कत के बाद खुलवाया गया। शाम को दुर्घटना होने से जाम हटवाने में काफी देर लगी।
कंटेनर चालक पुलगांव में गिरफ्तार
सड़क दुर्घटना होने के बाद कंटेनर चालक घटनास्थल से फरार हो गया था। अंडा पुलिस ने तुरंत पुलगांव पुलिस को अलर्ट किया। इससे पुलगांव पुलिस ने सड़क पर बेरीकेट्स लगाकर कंटेनर चालक को पकड़ लिया।
Shantanu Roy

Shantanu Roy

    Next Story