छत्तीसगढ़

खेतों के ट्यूबवेल से तांबा वायर चोरी, तीन चोर और खरीददार गिरफ्तार

Nilmani Pal
2 Jun 2026 2:37 PM IST
खेतों के ट्यूबवेल से तांबा वायर चोरी, तीन चोर और खरीददार गिरफ्तार
x
छग

रायगढ़। संपत्ति संबंधी अपराधों में अंकुश लगाने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के दिशा निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन बैस के नेतृत्व में थाना पुसौर पुलिस द्वारा खेतों पर लगे ट्यूबवेल के तांबा केबल वायर चोरी मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जिसमें एक चोरी की संपत्ति खरीदने वाले आरोपी भी है, उसके कब्जे से तांबा एवं सिल्वर तार, नगदी रकम तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

चोरी को लेकर थाना पुसौर में प्रार्थी उमेश साव निवासी पुसौर द्वारा 31 मई को रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि उसके खेत स्थित ट्यूबवेल से लगभग 50 मीटर तांबा केबल वायर, जिसकी कीमत करीब 13,000 रुपये को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा काटकर चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि क्षेत्र के अन्य किसानों के ट्यूबवेल से भी तांबा केबल वायर चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रार्थी द्वारा कुछ संदेहियों के फोटोग्राफ भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए।रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 152/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बेस्ट के नेतृत्व में माल मुल्जिम पतासाजी दौरान संदेही अमित सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने अपने साथी केदारनाथ सारथी के साथ मिलकर ट्यूबवेल से तांबा केबल वायर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए केबल वायर को अपने साथी समीर सतनामी के साथ ले जाकर जलाया गया, जिससे तांबा अलग किया जा सके तथा बाद में उसे बेच दिया गया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AT 5405 तथा नगदी रकम बरामद की गई। इसके बाद आरोपी केदारनाथ सारथी एवं समीर सतनामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने भी अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। दोनों आरोपियों से भी नगदी रकम बरामद की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम चन्द्रपुर पहुंची, जहां आरोपी दिनेश देवांगन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चोरी का तांबा एवं सिल्वर तार खरीदना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से 08 किलो तांबा तार एवं 02 किलो सिल्वर तार, कुल कीमत लगभग 15,000 रुपये बरामद कर जब्त किया गया। चोरी की संपत्ति को बेईमानीपूर्वक प्राप्त करने के कारण उसके विरुद्ध भी धारा 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपी

1. अमित सारथी पिता धमेन्द्र सारथी, उम्र 24 वर्ष, निवासी सारथी मोहल्ला, पुसौर।

2. केदारनाथ सारथी पिता गौरांग सारथी, उम्र 39 वर्ष, निवासी सारथी मोहल्ला, पुसौर।

3. समीर सतनामी पिता नंदलाल सतनामी, उम्र 20 वर्ष, निवासी कोड़ातराई, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़।

4. दिनेश देवांगन पिता स्व. लाभोराम देवांगन, उम्र 32 वर्ष, निवासी शनि मंदिर के पास, चन्द्रपुर, जिला सक्ती।

Next Story