छत्तीसगढ़
दीया कार्यक्रम को लेकर विवाद, कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प
Shantanu Roy
17 Sept 2026 10:04 PM IST

x
छग
Jagdalpur. जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर जगदलपुर में आयोजित ‘आशीर्वाद समारोह’ के तहत दीया जलाने के कार्यक्रम को लेकर विवाद हो गया। दंतेश्वरी मंदिर से लेकर मिताली चौक तक आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच बहस के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कांग्रेस ने आयोजन के दौरान की गई बैरिकेडिंग को लेकर विरोध जताया था। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि बैरिकेड लगाए जाने से अंदर की छोटी-बड़ी दुकानें बंद हो गईं, जिससे स्थानीय व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बैरिकेडिंग को लेकर कांग्रेस ने जताया विरोध
जानकारी के अनुसार, जगदलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आशीर्वाद समारोह के तहत दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम के लिए दंतेश्वरी मंदिर से मिताली चौक तक व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था को लेकर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस का कहना था कि आयोजन के कारण सड़क किनारे स्थित दुकानों तक पहुंच प्रभावित हुई है और दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं से हुई बहस
विरोध की जानकारी मिलने के बाद भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और महापौर संजय पांडे भी मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच पहले बातचीत और बहस हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। मौके पर जूते-चप्पल चलने की बात भी सामने आई। घटना के बाद सड़क पर जूते-चप्पल और चश्मे बिखरे दिखाई दिए।
पुलिस ने संभाली स्थिति
विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और दोनों पक्षों को अलग-अलग किया गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर कुछ समय तक नारेबाजी जारी रही और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते नजर आए।
गृहमंत्री से भी हुई बहस
मामले के दौरान प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा के साथ भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बहस होने की जानकारी सामने आई है। आयोजन को लेकर शुरू हुआ विरोध धीरे-धीरे राजनीतिक विवाद में बदल गया। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी बात रखते हुए एक-दूसरे पर आरोप लगाए।
दुकानदारों की परेशानी का मुद्दा उठा
कांग्रेस की ओर से मुख्य रूप से स्थानीय दुकानदारों की परेशानी का मुद्दा उठाया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना था कि किसी भी बड़े आयोजन के दौरान आम लोगों और व्यापारियों की सुविधाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। वहीं भाजपा की ओर से कार्यक्रम को लेकर व्यवस्था बनाए रखने की बात कही गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि आगे किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
Next Story





