छत्तीसगढ़

गोदाम से 98 हजार की निर्माण सामग्री चोरी, कबाड़ी समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
1 Oct 2026 10:15 PM IST
गोदाम से 98 हजार की निर्माण सामग्री चोरी, कबाड़ी समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Durg. दुर्ग। जिले के ग्राम समोदा में गोदाम से निर्माण सामग्री चोरी करने के मामले में जेवरा सिरसा पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। करीब 98 हजार रुपये कीमत की सामग्री चोरी करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी का सामान ठिकाने लगाने के लिए उसे कबाड़ी के पास बेचा गया था। मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा तीन विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम समोदा नदी रोड स्थित एक गोदाम में सिविल ठेकेदारी से जुड़ी निर्माण सामग्री रखी हुई थी। गोदाम मालिक विमल कुमार ताम्रकार को रात के समय वहां संदिग्ध गतिविधि होने की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद वे गोदाम पहुंचे तो कुछ लोग वहां से सामान निकालते दिखाई दिए। गोदाम मालिक ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान एक आरोपी ने लोहे के पाइप से उनके पैर पर हमला कर दिया। इसके बाद सभी आरोपी चोरी का सामान लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गोदाम मालिक ने जेवरा सिरसा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर उन्हें पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की गई निर्माण सामग्री बरामद की। इसमें 7.5 एचपी मोटर पंप, कांक्रीट वाइब्रेटर, हाइड्रोलिक जैक, एल्युमिनियम केबल, लोहे का स्क्रैप और अन्य सामान शामिल है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और गोदाम मालिक पर हमला करने में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी जब्त किया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी के सामान को ठिकाने लगाने के लिए कबाड़ी के पास बेचा गया था। इस आधार पर पुलिस ने कबाड़ी अनुप मिश्रा उर्फ राजू को भी गिरफ्तार किया है। चोरी का सामान खरीदने और रखने में उसकी भूमिका की जांच की गई। गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम समोदा निवासी लोकेश चन्द्राकर उम्र 18 वर्ष 10 माह, भगवंत देशमुख उम्र 22 वर्ष, योगेश निषाद उर्फ बाऊ उम्र 20 वर्ष और पिलेश्वर उर्फ प्रवीण देशमुख उम्र 18 वर्ष 8 माह शामिल हैं। इसके अलावा ग्राम भेंगारी गुण्डेडा जिला बालोद निवासी ताकेश देशमुख उम्र 26 वर्ष, जो वर्तमान में ग्राम समोदा में रह रहा था, को भी गिरफ्तार किया गया है।
चोरी का सामान खरीदने के आरोप में ग्राम सिरसाखुर्द निवासी अनुप मिश्रा उर्फ राजू उम्र 43 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका भी सामने आई है, जिनके संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की पूरी योजना और अन्य लोगों की भूमिका के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने चोरी की बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद कर ली है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Next Story