छत्तीसगढ़

आरक्षक ने सफाई कर्मचारी का हाथ तोड़ा, जबरन मारपीट करने का आरोप

Nil dhankar
8 April 2026 12:55 PM IST
आरक्षक ने सफाई कर्मचारी का हाथ तोड़ा, जबरन मारपीट करने का आरोप
x
छग

अभनपुर। गोबरा नवापारा नगर पालिका के सफाई कर्मचारी के साथ थाने में मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। जानकारी के अनुसार नगर पालिका के सफाई कर्मचारी जुगे माचखंड के साथ गोबरा नवापारा थाने में पदस्थ आरक्षक हुलास साहू ने मारपीट की है, जिससे पीड़ित का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। इस मामले को लेकर कांग्रेसियों ने थाने में प्रदर्शन किया और दोषी आरक्षक पर कार्रवाई की मांग की।

बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह आरक्षक हुलास साहू पीड़ित को नाली सफाई के बहाने थाने लेकर आया था। इसी दौरान चोरी की एक घटना के संबंध में पूछताछ करते हुए उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के नाम पर बेरहमी से उसकी पिटाई की गई, जिससे जुगे माचखंड गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीड़ित के परिजन, मोहल्ले के लोग एवं नगर पालिका के अन्य सफाई कर्मचारी बड़ी संख्या में पीड़ित के साथ गोबरा नवापारा थाने पहुंचे और दोषी आरक्षक पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

इस मामले में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा के अध्यक्ष राम यादव के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने थाने पहुंचकर आरोपी आरक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

Next Story